भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार (17 अगस्त) को महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया। भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया। निर्वाचित होने पर, राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का स्थान लेंगे, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों से जुलाई में इस्तीफा दे दिया था।
जानकारी के अनुसार, राधाकृष्णन के मंगलवार (19 अगस्त)को एनडीए संसदीय दल की बैठक में भी शामिल होने की संभावना है। राधाकृष्णन को उनके लंबे सार्वजनिक जीवन के लिए बधाई देते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा, “अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में, थिरु सीपी राधाकृष्णनजी ने अपने समर्पण, विनम्रता और बुद्धिमत्ता से अपने लिए एक विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने जो भी जिम्मेदारियाँ संभाली हैं, उनमें उन्होंने हमेशा समाज सेवा और वंचितों के सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया है। मुझे खुशी है कि एनडीए परिवार ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद के लिए नामित किया है।”
जवाब में, राधाकृष्णन ने लिखा, “मैं हमारे प्रिय और आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभारी हूँ कि उन्होंने मुझे एनडीए का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नामित किया और मुझे देश की सेवा करने का अवसर दिया।” सीपी चंद्रपुरम पोन्नुस्वामी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर, 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ था।
एनडीए के कई नेताओं ने राधाकृष्णन को अपना समर्थन दिया है। इनमें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोकदल के जयंत सिंह, जन सेना पार्टी के पवन कल्याण, तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी शामिल हैं।
दौरान उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने भी उन्हें बधाई दी और कहा, “वह एक बहुत ही अच्छे व्यक्तित्व के धनी हैं, विवादास्पद नहीं। उनके पास बहुत अनुभव है। मैं उन्हें शुभकामनाएँ देता हूँ।”
राधाकृष्णन ने अपने राजनीतिक सफर में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। उन्होंने 31 जुलाई 2024 को महाराष्ट्र के राज्यपाल का कार्यभार संभाला। इससे पहले, वे 18 फ़रवरी 2023 से 30 जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल रहे। वे मार्च से जुलाई 2024 तक तेलंगाना के राज्यपाल और मार्च से अगस्त 2024 तक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के उपराज्यपाल भी रहे।
चुनाव आयोग ने 7 अगस्त को भारत के नए उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए एक अधिसूचना जारी की है। चुनाव 9 सितंबर को होंगे। अधिसूचना में नामांकन दाखिल करने और नाम वापस लेने की तारीखों को भी स्पष्ट किया गया है। यह चुनाव जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य समस्या के चलते इस्तीफे के बाद हो रहा है। उन्होंने मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही चलाने के बाद राज्यसभा के सभापति पद से इस्तीफा दे दिया था।
यह भी पढ़ें:
2026 से पहले लॉजिस्टिक्स कॉस्ट सिंगल डिजिट में आ जाएगी : गडकरी!
अर्ध उष्ट्रासन से पाएं कमर दर्द और कब्ज से राहत, जानें आसान तरीका!
आंतरिक शांति का अचूक साधन है ये प्राणायाम, माइग्रेन की भी होगी छुट्टी!
