महाराष्ट्र-यूपी का अटूट रिश्ता है: सिंह

महाराष्ट्र-यूपी का अटूट रिश्ता है: सिंह

मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेन्द्र फड़णवीस तथा मुम्बई भाजपा अध्यक्ष व विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा के मार्गदर्शन में उत्तर भारतीय मोर्चा मुम्बई द्वारा शहर में एक हजार से अधिक चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से मुम्बई में बसे सभी उत्तर भारतीय समाज के लोग पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सीधा संवाद कर सकेंगे। इसकी शुरूआत कल देर शाम संत गाडगे महाराज स्कूल, कुर्ला से किया गया, जिसमें पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेतागण उपस्थित हुए।

उत्तर भारतीय मोर्चा मुम्बई के कालिना मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक तथा मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष श्री राजहंस सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का अटूट रिश्ता है। मुंबई के विकास में उत्तर भारतीय समाज के श्रम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वही उत्तर भारतीयों के आर्थिक विकास में मुंबई ने भी बहुत कुछ दिया। यह दोनों एक दूसरे के पूरक है। उत्तर भारतीय मोर्चा, मुंबई के प्रभारी तथा मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज सदैव राष्ट्रवाद के साथ खड़ा रहा है तथा आज पूरी तरह से भाजपा के साथ है। कभी इस समाज ने भेद-भाव नहीं किया, यह समाज मान-सम्मान का भूखा रहा है। उत्तर भारतीय समाज को मान-सम्मान देने का कार्य भाजपा ने किया। देवेंद्र फड़णवीस के कार्यकाल में कभी महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों का न अपमान हुआ, ना किसी प्रकार का हमला। इसलिए यह समाज नरेंद्र मोदी के नीतियो को आगे बढ़ाने हेतु भाजपा के साथ हमेशा जुड़ा रहेगा।

उत्तर भारतीय मोर्चा मुम्बई के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने कहा कि हमें ज़ात-पात को भूलकर एकत्रित हो तभी इस समाज की ताक़त दिखेगी। इसलिए उत्तर भारतीय मोर्चा ने विधानसभा विपक्ष नेता देवेंद्र फड़णवीस और मुम्बई भाजपा अध्यक्ष व विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा के निर्देश पर तय किया कि मुंबई में 1000 चौपाल करके समाज के सुख-दुःख को साझा करके सशक्त समाज बनाया जाएगा।

मुंबई भाजपा प्रवक्ता उदयप्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर भारतीय मोर्चा के पहले कार्यक्रम का आयोजन संत गाडगे महाराज स्कूल से शुरुआत कर, विरोधियों को राजनीतिक सफ़ाई का संदेश देने का काम किया गया है। उत्तर भारतीय समाज के पूर्ण आशीर्वाद के साथ हम आगे बढ़ेंगे। उत्तर-मध्य मुंबई जिला भाजपा अध्यक्ष सुषम सावंत ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज बीएमसी के चुनावी मोड़ में आ गया है, यह समाज भाजपा के साथ है तो पूर्ण विश्वास है कि महानगर पालिका में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा।

इस कार्यक्रम में मुंबई उपाध्यक्ष व कालीना मंडल के संयोजक अमरजीत सिंह, कार्यक्रम के आयोजक जिला महामंत्री  नितेश राजहंस सिंह, मुंबई भाजपा प्रवक्ता व मीडिया सह प्रभारी उदयप्रताप सिंह, उत्तर भारतीय मोर्चा, मुंबई के महामंत्री वीरेंद्र मिश्रा, रमाकांत गुप्ता, मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल उपाध्याय के अलावा मंडल व वार्ड के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत लाई चना के साथ की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पूरी भाजी का लुफ्त उठाया।

Exit mobile version