पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को देश की सबसे गरीब मुख्यमंत्री बताया गया है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार ममता बनर्जी की कुल घोषित संपत्ति 15.38 लाख रुपये है। यह रिपोर्ट दिसंबर 2024 के बाद हुए विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के शपथपत्रों के आधार पर तैयार की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ममता बनर्जी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है। न जमीन, न मकान, न ही कोई आवासीय संपत्ति। उनकी सारी संपत्ति नकद और चल संपत्तियों के रूप में है, जिसमें बैंक डिपॉज़िट शामिल हैं।
ममता बनर्जी अपने सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जानी जाती हैं। वह मुख्यमंत्री का आधिकारिक वेतन नहीं लेतीं और उनकी आय मुख्यतः पुस्तकों की बिक्री और गीतों से मिलने वाले रॉयल्टी से आती है।
ममता बनर्जी के शपथपत्र के मुताबिक उनके पास नकद रूप में केवल ₹69,255 थे, जबकि उनके बैंक खातों में कुल ₹13.5 लाख जमा थे, जिनमें से ₹1.5 लाख चुनाव खर्च खाते में दर्ज किए गए थे। इसके अलावा उनके नाम पर 2019-20 का ₹1.8 लाख टीडीएस प्राप्ति दिखाया गया है। आभूषणों के रूप में उनके पास सिर्फ 9 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत लगभग ₹43,837 आंकी गई है।
दिलचस्प बात यह है कि 2016 के विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी की कुल संपत्ति ₹30.4 लाख बताई गई थी, यानी उनकी संपत्ति में कमी आई है। ADR की रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि देश के 30 मौजूदा मुख्यमंत्रियों में से केवल ममता बनर्जी और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ओमर अब्दुल्ला करोड़पति नहीं हैं। ओमर अब्दुल्ला की संपत्ति ₹55.2 लाख है।
वहीं, देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री आंध्र प्रदेश के एन. चंद्रबाबू नायडू हैं, जिनकी कुल संपत्ति ₹931 करोड़ आंकी गई है। दूसरे स्थान पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू हैं, जिनके पास ₹332 करोड़ की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया हैं, जिनकी संपत्ति ₹52 करोड़ है।
यह भी पढ़ें:
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव विश्लेषक संजय कुमार को दी राहत, महाराष्ट्र की एफआईआर पर रोक
अमित साटम बने मुंबई भाजपा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने दी बधाई!
निया शर्मा के दांत तो मोतियों जैसे चमकते हैं! अभिनेत्री ने खोला इसका ‘राज’!



