उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर तीर्थराज प्रयाग में आयोजित विशेष आयोजन को सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। सीएम योगी ने कहा कि आज प्रयागराज में हुई भव्य ‘पुष्पवर्षा’ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का अभिनंदन और महान सनातन संस्कृति का वंदन है। उन्होंने इसे आध्यात्मिक एकता और भारतीय परंपराओं की जीवंत झलक करार दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौनी अमावस्या का दिन आत्मशुद्धि, साधना और तप का प्रतीक है। इस दिन संगम में स्नान का विशेष महत्व है और देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु तीर्थराज प्रयाग पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। पुष्पवर्षा के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत करना प्रशासन की ओर से श्रद्धा और सम्मान का भाव है।
सीएम योगी ने बताया कि सरकार ने मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सनातन संस्कृति और तीर्थ परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रयागराज, काशी और अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सीएम योगी ने देशवासियों को मौनी अमावस्या की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा लेकर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की।
यह भी पढ़ें-
