पप्पू यादव ने वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री से जुड़े बैनर-पोस्टरों को विरूपित किए जाने की भी निंदा की। इसके अलावा, उन्होंने कटिहार में एस्कॉर्ट वाहन दुर्घटना में सात सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की घटना को प्रशासनिक लापरवाही से जोड़ते हुए सड़क और पुल निर्माण की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए।
मौलाना जरजील अंसारी की टिप्पणी पर पप्पू यादव ने कहा कि मां, मां होती है और उनके सम्मान पर किसी तरह का सवाल नहीं उठाया जा सकता। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर है, इसलिए वह इस बात को जांच के बिना स्वीकार नहीं कर सकते।
पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और यदि यह साबित होता है कि मौलाना ने ऐसी बात कही है, तो उनकी गिरफ्तारी होनी चाहिए। सांसद ने कहा कि राजनीतिक विचारधारा का विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी की मां के खिलाफ टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने नेताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के बैनर-पोस्टर को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना पर भी पप्पू यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह कुछ लोगों ने पोस्टर पर पैर मारा और मुख्यमंत्री से जुड़े बैनर का अपमान किया, वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मरते दम तक इस तरह की हरकत नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
इस संबंध में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व से अपने कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर ध्यान देने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि किसी कार्यकर्ता की हरकत का असर पूरे समाज और राजनीतिक संगठन पर पड़ता है। भाजपा की नीतियों और विचारधारा का विरोध राजनीतिक तरीके से होना चाहिए, न कि गाली-गलौज और व्यक्तिगत अपमान के जरिए।
पप्पू यादव ने पिपरा में आठ लोगों की मौत और सीमापुर में बिजली के करंट से चार लोगों की मौत का जिक्र करते हुए जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिपरा में आठ लोगों की जान चली गई, लेकिन वहां कोई सांसद या विधायक मौजूद नहीं था।
इसी दौरान उन्होंने सड़क की खराब स्थिति देखी। वहां पिछले दो वर्षों से पुल निर्माण का काम चल रहा है, लेकिन कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी को फोन किया, जिसके बाद रात करीब तीन बजे वहां मिट्टी डाली गई। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में देरी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और इंजीनियर तथा ठेकेदार भी वहां से गायब हैं।
पप्पू यादव ने कटिहार में एस्कॉर्ट वाहन दुर्घटना में सात सुरक्षाकर्मियों के घायल होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद सभी सात घायलों को तत्काल इलाज और व्यवस्था के लिए कटिहार भेजना पड़ा। उन्होंने इस घटना को सड़क और पुल निर्माण में लापरवाही से जोड़ते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सांसद ने कहा कि आम लोगों और सुरक्षा में तैनात कर्मियों की जिंदगी की कीमत समझी जानी चाहिए। उन्होंने नाराजगी जताई कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव और निर्माण कार्यों में देरी के कारण लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि रोजगार मेला उनके जीवन का संकल्प है। उनका लक्ष्य पूर्णिया, सीमांचल, कोसी और पूरे बिहार के मध्यम वर्ग तथा गरीब परिवारों के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसमें जाति, धर्म और राजनीतिक दल का कोई भेदभाव नहीं होगा।
