दरअसल, इससे पहले भाजपा ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट किया था, “एसआईआर ने वोटर लिस्ट से 2.8 करोड़ मृत मतदाताओं के नाम हटा दिए हैं। सवाल सीधा है कि वोटर लिस्ट में इन नामों को बनाए रखने से किसे फायदा हुआ? कौन ऐसे नाम चाहता है जिनका इस्तेमाल फर्जी वोटिंग के लिए किया जा सके?
भाजपा के इस पोस्ट का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आंकड़ों को लेकर पलटवार किया। उन्होंने लिखा, “एसआईआर के तहत 13 करोड़ वोटरों के नाम हटाए गए हैं। भाजपा का कहना है कि इनमें से 2.8 करोड़ वोटर ऐसे थे जिनकी मौत हो चुकी थी, ठीक है। बाकी बचे 10.2 करोड़ वोटरों का क्या?”
पवन खेड़ा ने आगे सवाल उठाया कि अगर इतनी बड़ी संख्या में मृत लोगों के नाम वोटर लिस्ट में मौजूद थे, तो फिर हर साल होने वाली समरी रिवीजन प्रक्रिया का क्या औचित्य रहा।
कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं, जिससे लोकतंत्र पर असर पड़ेगा। वहीं, भाजपा का कहना है कि यह प्रक्रिया वोटर लिस्ट को साफ-सुथरा और फर्जी वोटिंग से मुक्त बनाने के लिए जरूरी है। भाजपा का आरोप है कि ‘इंडी’ गठबंधन मृत वोटरों के नामों को बचाना चाहता है ताकि उसका राजनीतिक फायदा उठाया जा सके।
