महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में शुक्रवार को हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया, “महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से दुःखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।”
इससे पहले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “आज सुबह नांदेड़ जिले के असेगांव में 11 महिला मजदूरों को ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली के कुएं में गिरने से कुछ महिलाओं की मृत्यु हो गई। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ये महिलाएं हिंगोली जिले के गुंजगांव की निवासी थीं और कृषि कार्य के लिए जा रही थीं। बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और उप-कलेक्टर व एएसपी सहित प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। अब तक तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।”
यह भी पढ़ें:
उत्तर प्रदेश: 50 साल पहले इस्लाम अपनाने वाले 10 मुसलमान घर लौटे!
धड़ाम से गिरा शेयर मार्केट: सप्ताह के आखरी दिन कारोबारियों को झटका !
विदेश यात्राओं में पीएम मोदी का बौद्ध धर्म पर जोर!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब महिलाएं खेतों में काम करने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर जा रही थीं। अचानक वाहन असंतुलित होकर एक गहरे कुएं में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में अब तक सात महिला मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन को सुरक्षित बचा लिया गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।