उन्होंने कहा कि सहारनपुर, जो कभी दंगों, फतवों, पलायन के कारण बदनाम था, आज विकास, कनेक्टिविटी और औद्योगिक प्रगति की नई पहचान बन चुका है। मां शाकम्भरी धाम के पुनरुद्धार से लेकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित एयरपोर्ट, स्पोर्ट्स कॉलेज, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और इंडस्ट्रियल-लॉजिस्टिक हब तक, सहारनपुर में विकास की नई धारा बह रही है।
सीएम योगी गुरुवार को सहारनपुर में 2,131 करोड़ रुपए की 325 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास/लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर व तकदीर, दोनों बदली हैं। पहले सहारनपुर से दिल्ली पहुंचने में 6 घंटे और लखनऊ पहुंचने में 12-14 घंटे लगते थे, लेकिन अब एक्सप्रेसवे और आधुनिक कनेक्टिविटी के कारण दिल्ली मात्र ढाई घंटे और लखनऊ करीब 6 घंटे की दूरी पर रह गया है।
उन्होंने कहा कि जो तत्व विकास में बाधक बनते हैं, वे जाति व तुष्टीकरण की राजनीति से समाज को बांटने का प्रयास करते हैं, लेकिन अब जनता विकास, सुरक्षा और राष्ट्रवाद के साथ खड़ी है। अच्छी सरकारें चुनी जाती हैं तो परिणाम भी अच्छे आते हैं और सहारनपुर इसका जीवंत उदाहरण बनकर उभरा है।
सीएम योगी ने कहा कि सहारनपुर वही जनपद है, जहां वर्ष 2013 से 2016 तक दंगे, कर्फ्यू, पलायन और अराजकता का माहौल बना रहता था। शिक्षा, खेल और उद्योग का कोई बड़ा केंद्र नहीं था। किसान परेशान था, नौजवान पलायन कर रहा था और व्यापारी भय में जी रहे थे। फतवों और कुसंस्कृति के कारण देवबंद बदनाम हो चुका था।
2016 के सिख विरोधी दंगे और मुजफ्फरनगर-शामली की हिंसा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश जल रहा था, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं था। 2017 में डबल इंजन सरकार बनने के बाद सहारनपुर ने नई पहचान हासिल की। यहां की विश्वस्तरीय काष्ठ कला को नया मंच मिला और आज सहारनपुर अपने दम पर विशिष्ट पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि आज सहारनपुर तेजी से विकास और कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बन रहा है। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-बागपत-शामली-सहारनपुर-देहरादून सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जिससे कनेक्टिविटी को नया आयाम मिला।
उन्होंने आगे कहा कि सहारनपुर में मां शाकम्भरी विश्वविद्यालय की स्थापना होने जा रही है, एयरपोर्ट का कार्य अंतिम चरण में है और बेहट में स्पोर्ट्स कॉलेज बन रहा है। आधुनिक बस स्टेशन, आरसीसी ड्रेन और बेहतर सड़क नेटवर्क पर तेजी से काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों सहारनपुर, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बुलंदशहर और बागपत में विकास की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा चल रही है। विकास का कोई विकल्प नहीं होता, लेकिन कुछ तत्व जाति और तुष्टीकरण की राजनीति के जरिए समाज को बांटने का प्रयास करते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि पहले देवबंद से हर छोटी-बड़ी बात पर फतवे जारी किए जाते थे। खाना कैसे खाना है, यह भी देवबंद से तय होता था, लेकिन कुंवर बृजेश सिंह जैसे लोगों ने कहा कि व्यक्ति की स्वतंत्रता में बाधा और देश की सुरक्षा में सेंध नहीं लगनी चाहिए। उनके प्रस्ताव पर हमने यहां तुरंत एटीएस (एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड) का केंद्र स्थापित कर दिया।
उन्होंने आगे कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं। वंदे मातरम के अपमान को संज्ञेय अपराध की श्रेणी में रख दिया गया है। अब कोई भी भारत के प्रतीकों का अपमान करेगा तो उसे सजा होगी। यह नहीं चल सकता कि भारत में रहें, भारत का खाना खाएं और दुश्मन के गीत गाएं। यह देश इसे स्वीकार नहीं कर सकता। राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और तुष्टीकरण की राजनीति करने वालों के प्रति हमें सचेत रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जो प्रगति आप देख रहे हैं, यह डबल इंजन सरकार की गति का परिणाम है। इस प्रगति के पीछे हमारे जन प्रतिनिधियों का अथक प्रयास है। आज यहां 2,131 करोड़ रुपए की कुल 325 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हो रहा है। इनमें 184 परियोजनाओं (500 करोड़ रुपए) का लोकार्पण और 141 परियोजनाओं (1,631 करोड़ रुपये) का शिलान्यास शामिल है।
इस अवसर पर सहारनपुर के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास विभाग के राज्य मंत्री जसवंत सैनी, विधायकगण राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, कीरत सिंह, देवेंद्र निम, वंदना वर्मा, दिनेश गोयल, महापौर डॉ. अजय कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, जिला प्रभारी डी.के. शर्मा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल, प्रदीप चौधरी तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
अवैध रूप से रह रहे लोग लौटेंगे, बांग्लादेश सहयोग करेगा: विदेश मंत्रालय!
