बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी पिकनिक मनाने आए थे। बिहार की समस्याओं से उन्हें कोई मतलब नहीं है। पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बिहार के विकास में कोई योगदान नहीं है। ये पिकनिक मनाने वाले नेता हैं, आते हैं और जाते हैं। हालांकि बिहार में अच्छी प्रगति को देखा होगा। बिहार हवाई अड्डा वो देखेंगे, बहुत अच्छा बन गया है।
भाजपा के नेता सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में जब उन्हें 99 सीट मिली थी तब राहुल गांधी को लगा था कि पूरा देश जीत लिया। यह लोकतंत्र है जहां वोट लेना पड़ता है, जनता का आशीर्वाद चाहिए। यह राजतंत्र नहीं है।
उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का राजतंत्र समाप्त हो चुका है, यह जनता का लोकतंत्र है और जनता तय करेगी। इधर, भाजपा के नेता और पूर्व मंत्री रविशंकर प्रसाद ने विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर कहा कि इसे लेकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सड़कों पर उतरे। यह उनका अधिकार है।
इधर, बिहार के मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि मतदाता सूची की एक व्यवस्था चली आ रही है। ये लोग निर्वाचन आयोग को चुनौती दे रहे हैं। इसके बाद ये लोग अपनी बात रखने के लिए सर्वोच्च न्यायालय गए, उस पर भी अब इन लोगों को विश्वास नहीं है। वहां अपनी बात कहते, लेकिन उसके पहले ही ये सड़कों पर उतर गए। क्योंकि उन्हें वहां भी भरोसा नहीं है। यही कारण है कि अब यह सड़कों पर उतरकर हंगामा कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि महागठबंधन ने बुधवार को मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में बिहार में चक्का जाम बुलाया था। कई स्थानों पर बंद समर्थक सड़कों पर उतरे और आवागमन बाधित किया।
