कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी पर फोन टैपिंग कराए जाने के आरोप लगाए जाने के बाद भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा ने राहुल गांधी के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन पर तंज कसा और कहा कि राहुल गांधी अपने दिमाग की जांच कराएं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी को आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती दी और कहा कि इससे यह साफ हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल है। कांग्रेस द्वारा एक्स पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में राहुल ने कहा, “प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है क्योंकि उन्होंने मेरा फोन टैप करवा रखा है।”
राहुल गांधी ने एक्स पर एक और वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने PM मोदी पर स्क्रिप्ट के सहारे बोलने का आरोप लगाया और कहा, ‘मंच आपका है, माहौल आपका है- फिर भी आपको स्क्रिप्ट की जरूरत पड़ गई। लगता है कि आप पर दबाव हावी हो गया है।’
केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने फोन टैपिंग के दावे को खारिज करते हुए कहा, ‘राहुल गांधी से मैं पूरे सम्मान के साथ बस इतना ही कह सकता हूं कि उन्हें अपना मानसिक परीक्षण करवाना चाहिए। कोई भी उनके फोन को टैप करने की जहमत नहीं उठा रहा है। किसी को भी उनके फोन को टैप करने में दिलचस्पी नहीं है। अगर किसी को दिलचस्पी है भी, तो सिर्फ यह समझने में कि उनका दिमाग दिन-प्रतिदिन झूठ पर ही क्यों चलता है।’ भाजपा ने इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहस करने की राहुल की मांग को खारिज कर दिया था।
यह भी पढ़ें-
पाकिस्तान के मिलिट्री बेस पर हमला, 5 सैनिकों समेत 8 लोगों की मौत
