“वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे” बिहार में तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान

वादा केवल किसी कानून तक सीमित नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और साम्प्रदायिक सौहार्द की रक्षा का संकल्प है।

“वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे” बिहार में तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान

tejashwi-yadav-waqf-law-controversy-bihar-election

बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने रविवार (26 अक्तूबर) को सीमांचल क्षेत्र के किशनगंज और कटिहार में आयोजित विशाल जनसभाओं में वक्फ (संशोधन) कानून को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर INDIA गठबंधन की सरकार बनी, तो “वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।”

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह वादा केवल किसी कानून तक सीमित नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और साम्प्रदायिक सौहार्द की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने हमेशा नफरत को नहीं, बल्कि भाईचारे और न्याय के संदेश को स्वीकार किया है। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि वे उन्हीं ताकतों के साथ खड़े हैं जो देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए उनकी सरकार ‘सीमांचल विकास प्राधिकरण’ (Seemanchal Development Authority) का गठन करेगी। इसके अलावा उन्होंने वादा किया कि क्षेत्र में विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय, सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का एक उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा।

तेजस्वी ने कहा कि सीमांचल के लोग वर्षों से उपेक्षित हैं और दो दशक पुराने नीतीश शासन ने केवल भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अव्यवस्था छोड़ी है। तेजस्वी ने बुजुर्गों के लिए पेंशन ₹2,000 प्रति माह करने का वादा भी दोहराया, यह कहते हुए कि एनडीए अब हमारे वादों की नकल कर रहा है।

गौरतलब है कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 को संसद ने अप्रैल में पारित किया था। सरकार का कहना था कि इस कानून से वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही आएगी, जबकि आलोचकों का आरोप है कि यह राज्य के नियंत्रण को बढ़ाता है और समुदाय के अधिकारों में हस्तक्षेप करता है। इस मुद्दे पर शनिवार को आरजेडी एमएलसी क़ारी सोहैब ने बयान दिया, तेजस्वी सरकार आने पर सारे बिल फाड़ दिए जाएंगे, वक्फ बिल भी से विवाद और बढ़ गया।

तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साध कहा, “हम बिहारी हैं, सच्चे बिहारी, हम किसी बाहरी से नहीं डरते। धमकी देकर कोई हमें रोक नहीं सकता। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।”

किशनगंज, पूर्णिया, अररिया और कटिहार जैसे मुस्लिम बहुल सीमांचल जिलों में तेजस्वी की रैलियों में भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि वक्फ कानून को लेकर दिया गया यह बयान चुनावी समीकरणों में बड़ा असर डाल सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां समुदाय विशेष का वोट निर्णायक माना जाता है।

यह भी पढ़ें:

मन की बात में ओडिशा की कोरापुट कॉफी की तारीफ, सीएम ने पीएम को धन्यवाद!

भारत और चीन के बीच पांच साल बाद फिर उड़ानें शुरू!

लालू-तेजस्वी का ‘जमीन दो और नौकरी लो’ एकमात्र मॉडल है : रविशंकर प्रसाद! 

Exit mobile version