इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में “न्याय तक पहुंच बढ़ाने” पर आयोजित वेस्ट ज़ोन क्षेत्रीय कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि छोटे-छोटे मामलों में मध्यस्थता के माध्यम से निपटान केस पेंडेंसी को कम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंग्रेजों के समय की न्याय व्यवस्था को बदला जा रहा है। मुख्यमंत्री यादव ने भारतीय न्याय परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी परंपरा पंच परमेश्वर की संवाद की न्याय परंपरा रही है।
हमारे संविधान में हज़ारों वर्ष की भारतीय न्याय परंपरा रही है, इसलिए न्यायालयों को न्याय का मंदिर कहा जाता है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक के आधार पर न्याय प्रणाली में भी व्यापक बदलाव हुए हैं। ई-फाइलिंग, डिजिटल रिकॉर्ड, वन डेटा-वन केस, वर्चुअल सुनवाई और आधुनिक न्याय प्रबंधन जैसी प्रणालियों के माध्यम से न्याय व्यवस्था का कायाकल्प किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सदियों पुराने औपनिवेशिक दौर के कानूनों के स्थान पर नए कानून लागू किए गए हैं। इसी कड़ी में जन-विश्वास अधिनियम के माध्यम से छोटे-छोटे उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से बाहर कर कानूनों को अधिक सरल और नागरिक हितैषी बनाया गया है।
