अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच चल रहे तनाव को लेकर अब सुलह के संकेत मिल रहे हैं। व्हाइट हाउस ने बुधवार(11जून ) को पुष्टि की कि ट्रंप ने मस्क की हालिया माफी को स्वीकार कर लिया है, जिससे दोनों प्रभावशाली हस्तियों के बीच लंबे समय से चल रहा टकराव अब शांत होने की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने मीडिया से बातचीत में कहा, “राष्ट्रपति ने आज सुबह एलन के बयान को स्वीकार किया है और उसकी सराहना करते हैं। हम अमेरिका के लोगों के काम और कारोबार पर ध्यान देना जारी रखेंगे।”
हाल ही में मस्क ने सोशल मीडिया पर की गई विवादास्पद टिप्पणियों के लिए ट्रंप से निजी तौर पर फोन कर माफी मांगी थी। इसके बाद बुधवार (11जून )को उन्होंने एक सार्वजनिक बयान भी जारी किया जिसमें अपनी गलती को स्वीकार करते हुए खेद व्यक्त किया।
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क की यह माफी शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स के साथ हुई एक बैठक के बाद सामने आई। इस बैठक में मस्क और ट्रंप के बीच के टकराव पर विस्तार से चर्चा हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप के करीबी रिपब्लिकन नेता मस्क को “बिग ब्यूटीफुल बिल” का समर्थन करने और राष्ट्रपति से सुलह करने के लिए लंबे समय से मनाने की कोशिश कर रहे थे। यह विधेयक वर्तमान में सीनेट में भारी विरोध झेल रहा है। दोनों के बिगड़े रिश्तों में डोनाल्ड ट्रंप और जेफ्री एप्सटीन के बीच की दोस्ती और ट्रंप का उसकी लिस्ट में शामिल होने की बात एलन मस्क ने उठाई थी।
ट्रंप और मस्क का रिश्ता पहले काफी मधुर रहा है। तकनीकी जगत में मस्क को ट्रंप का ‘पहला दोस्त’ कहा जाता रहा है। लेकिन हाल के महीनों में सोशल मीडिया और नीति संबंधी विवादों के चलते दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी। प्रेस सचिव से जब पूछा गया कि क्या ट्रंप प्रशासन ने मस्क से जुड़े सरकारी अनुबंधों की समीक्षा शुरू की है, तो उन्होंने स्पष्ट किया, “जहां तक मुझे पता है, अभी तक इस दिशा में कोई काम नहीं किया गया है।”
सूत्रों के अनुसार, मस्क सुलह को तैयार हैं, लेकिन उन्हें “बिग ब्यूटीफुल बिल” में बढ़ते खर्चों को लेकर आपत्ति है। यह मुद्दा उन्होंने रिपब्लिकन वार्ताकारों के साथ भी उठाया है। हालांकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन माफ़ी स्वीकारने और दोनों ओर से सहयोग के संकेत मिलने के बाद उम्मीद की जा रही है कि ट्रंप प्रशासन और मस्क के बीच अब फिर से संवाद और सहयोग की नई शुरुआत हो सकती है।
यह भी पढ़ें:
विटामिन की कमी से हो सकते हैं बाल झड़ना, थकान और मुंह के छाले, समय रहते पहचानें लक्षण
संतों ने दिखाई सही राह, कैराना-कांधला जैसी घटनाएं रोकती है संस्कृति : योगी!
12 मई 2025 का राशिफल: धन, प्रेम और करियर के क्षेत्र में आप का दिन कैसा होगा ?



