51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ भूमि पूजन समारोह सम्पन्न!

भूमि पूजन के साथ ही इस दिव्य आयोजन के लिए पूरे मुंबई एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण व्याप्त हो गया है।

nayganv-gayatri-mahayagy!

आगामी 51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ की तैयारियों को गति प्रदान करते हुए गायत्री परिवार नायगांव (पूर्व) की ओर से रश्मि इंटरनेशनल स्कूल, नायगांव (पूर्व) के निकट यज्ञ स्थल पर भूमि पूजन समारोह का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

यह महायज्ञ पालघर जिले के वसई तालुका के नायगांव (पूर्व) क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जो 11 से 14 दिसंबर 2025 तक चलेगा। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि एक व्यापक आध्यात्मिक, सामाजिक और नैतिक जागरण का अभियान है, जिसका उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार करना है।

महायज्ञ का आयोजन पूज्य गुरुदेव वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी वर्ष (100 वर्ष पूर्ण होने) के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस अवसर पर संपूर्ण जगत में ज्योति कलश पूजन और महायज्ञ की सफलता के लिए 24 लाख सामूहिक गायत्री महामंत्र जप का संकल्प लिया गया है। यह आयोजन शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में विश्व शांति एवं समस्त प्राणी मात्र के कल्याण हेतु एक “आध्यात्मिक प्रयोग” के रूप में किया जा रहा है।

भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने अपने भीतर निहित दिव्यता को जाग्रत कर युग निर्माण योजना को और गति देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युवा प्रज्ञा मंडल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सी.आर. सरोज ने बताया कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि समाज में नैतिक जागरण, सद्भाव और संस्कारों के पुनर्जीवन का प्रतीक है।

कार्यक्रम में अरुंधति महिला मंडल नायगांव, युवा प्रज्ञा मंडल नालासोपारा, युग सृजन महिला मंडल नालासोपारा सहित कई स्थानीय संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में आशा पासवान, संजय कुमार, अभिषेक सिंह, सुषमा मौर्या, ज्योति वसानी, जितेंद्र ठक्कर समेत अनेक समर्पित कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर शांतिकुंज हरिद्वार के केंद्रीय महाराष्ट्र-गोवा जोन प्रभारी संजय सिंह, मुंबई युवा प्रभारी डॉ. वरुण मानेक, केंद्रीय मुंबई समन्वयक सोमदेव पटैया, वरिष्ठ कार्यकर्ता आशा ज्ञानी दीदी, डॉ. राजेन्द्र त्रिपाठी, ब्रम्हदेव दुबे, सुझाता सोपारकर, आशा सामानी एवं बालुभाई दबे सहित अनेक वरिष्ठों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

भूमि पूजन के साथ ही इस दिव्य आयोजन के लिए पूरे मुंबई एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण व्याप्त हो गया है। गायत्री परिवार के सदस्य अब महायज्ञ की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं ताकि दिसंबर 2025 में होने वाला यह 51 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ विश्व शांति और युग निर्माण के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ सके।

यह भी पढ़ें-

 

‘त्रिशूल पर कंडोम’ अभद्र कविता लिखने वाले को आमंत्रित करने पर विवादों में घिरी साहित्य अकादमी!

Exit mobile version