अब कैसा है अभिषेक शर्मा का स्वास्थ्य; पेट के संक्रमण से उबर रहे भारतीय ओपनर

रिकवरी में सादा डाइट बनी सहारा

अब कैसा है अभिषेक शर्मा का स्वास्थ्य; पेट के संक्रमण से उबर रहे भारतीय ओपनर

How is Abhishek Sharma's health now? The Indian opener is recovering from a stomach infection.

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय पेट के संक्रमण (स्टमक इंफेक्शन) से उबर रहे हैं। इसी वजह से वह ICC पुरुष T20 विश्व कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से बाहर रहे। उनकी तबीयत को लेकर फैन्स के बीच चिंता थी, जिस पर अब खुद अभिषेक ने हल्के-फुल्के अंदाज में अपडेट दिया है।

भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के एक व्लॉग में अभिषेक शर्मा नजर आए, जहां उन्होंने अपनी रिकवरी और डाइट को लेकर बात की। सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस वीडियो में अर्शदीप, अभिषेक से उनकी तबीयत के बारे में पूछते हैं। इसके जवाब में अभिषेक कहते हैं, ” दाल – चावल अच्छे है” इसके बाद जब उनसे पूछा गया, “क्या आप ठीक हैं”, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “दाल चावल बहुत अच्छा, मैं भी अच्छा हूं।”

इस बातचीत से यह संकेत मिला कि अभिषेक रिकवरी के दौरान सादा और हल्का भोजन, दाल-चावल ले रहे हैं। हालांकि, टीम या मेडिकल स्टाफ की ओर से उनकी डाइट को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वीडियो में अर्शदीप जब उनसे वजन कम होने को लेकर सवाल करते हैं तो अभिषेक जवाब देते हैं, “कुछ किलो”

एक रिपोर्ट के अनुसार, 6 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेट सेशन के बाद अभिषेक ने कुछ ऐसा खाया, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। मैच से पहले उनकी हालत और खराब हो गई थी। इसके बावजूद उन्होंने खेलने का जज्बा दिखाया और अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरे। हालांकि, वह सिर्फ एक गेंद ही खेल सके। मैच के दौरान उनकी शारीरिक परेशानी साफ नजर आई। वह डगआउट में भी ज्यादा देर नजर नहीं आए और भारत की 29 रन की जीत के बाद पोस्ट-मैच हैंडशेक में भी शामिल नहीं हो सके।

नामीबिया के खिलाफ टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक की फिटनेस को लेकर कहा,  उन्हें पूरी तरह फिट होने में अभी एक या दो मैच लग सकते हैं। अभिषेक की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत की और आठ गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 22 रन बनाए।

फिलहाल टीम प्रबंधन अभिषेक शर्मा की सेहत पर करीबी नजर बनाए हुए है। उनकी वापसी पूरी तरह मेडिकल क्लियरेंस पर निर्भर करेगी। प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह युवा बल्लेबाज जल्द पूरी तरह फिट होकर टीम इंडिया के लिए दोबारा मैदान में नजर आएगा।

यह भी पढ़ें:

अब प्रधानमंत्री कार्यालय नहीं, सेवा तीर्थ…

चुनावी जीत के बाद तारिक़ रहमान से की पीएम मोदी ने की बातचीत

बांग्लादेश में चाय बागान में काम करने वाले हिंदू मजदूर की हत्या

Exit mobile version