भारत और सेमीफाइनल के बीच खड़ी वेस्टइंडीज की टीम

भारत और सेमीफाइनल के बीच खड़ी वेस्टइंडीज की टीम

West Indies team stands between India and the semi-finals

T20 विश्व कप के सुपर 8 चरण में भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार (1 मार्च) शाम कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में होने वाला मुकाबला एक नॉकआउट मुकाबला बन चूका है। जो भी टीम जीतेगी, उसका सेमीफाइनल का रास्ता लगभग साफ हो जाएगा, जबकि हारने वाली टीम के लिए टूर्नामेंट खत्म होने की कगार पर पहुंच सकता है।

मैच से 24 घंटे पहले भारतीय टीम का अभ्यास सत्र काफी गंभीर और केंद्रित नजर आया। खिलाड़ी अलग-अलग नेट्स पर अपनी तैयारियों में जुटे रहे। अक्षर पटेल ने कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर की गेंदों पर बल्लेबाजी की, जबकि ईशान किशन ने मोहम्मद सिराज का सामना किया। जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती अलग से अभ्यास करते दिखे।

सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “महत्वपूर्ण यह है कि हम खुद पर ध्यान दें और उसी तरीके से खेलें, जिसने हमें यहां तक पहुंचाया है। अब टूर्नामेंट में सिर्फ क्वालिटी टीमें बची हैं।”

वेस्टइंडीज को इस मैदान पर खेलने का अनुभव है। वे पहले ही यहां दो मैच खेल चुके हैं और परिस्थितियों से परिचित हैं। 2016 T20 विश्व कप में उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल में भारत को हराया था और बाद में खिताब जीता था। उस टीम के कप्तान रहे डैरेन सैमी की अगुवाई में विंडीज ने 193 रनों का लक्ष्य हासिल कर भारत को बाहर कर दिया था।

वर्तमान भारतीय टीम में उस मुकाबले से केवल जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ही बचे हैं। कोचिंग स्टाफ को उम्मीद है कि अनुभवी खिलाड़ी दबाव के इस मैच में अहम भूमिका निभाएंगे। कोलकाता में पिछले कुछ दिनों से तेज धूप रही है। शाम को ओस पड़ने की संभावना है, जिससे दूसरी पारी में गेंदबाजी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। पिच में हल्की घास और सूखापन दिखा है। क्यूरेटर सुजान मुखर्जी के अनुसार यह बल्लेबाजी के अनुकूल विकेट हो सकता है, जहां 220 के आसपास का स्कोर भी संभव है।

अगर ऐसा होता है तो शिमरॉन हेटमायर, शेरफेन रदरफोर्ड और रोमारियो शेफर्ड जैसे आक्रामक बल्लेबाजों से सजी वेस्टइंडीज खतरनाक साबित हो सकती है। भारत की फिंगर स्पिन के खिलाफ कमजोरी को देखते हुए विंडीज रॉस्टन चेज को अंतिम एकादश में शामिल करने पर विचार कर सकती है।

संभावित प्लेइंग XI

भारत संभावित XI: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

वेस्टइंडीज संभावित XI: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान एवं विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रॉस्टन चेज, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोती।

ईडन गार्डन्स छोटा मैदान है, जहां मार्जिन बेहद कम होते हैं। जो टीम परिस्थितियों का बेहतर आकलन करेगी और दबाव में शांत रहेगी, वही इस ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’ में बढ़त बना सकेगी।

भारत के लिए यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि सेमीफाइनल की दहलीज है। वहीं वेस्टइंडीज, जो इस मैदान को अपना दूसरा घर मान रही है, भारत की राह में सबसे बड़ी बाधा बनकर खड़ी है। रविवार शाम 7 बजे से होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक संघर्षों में से एक साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें:

सोमवार को यूरोपीय यूनियन की सुरक्षा बैठक बुलाने पर सोशल मीडिया में घिरी उर्सुला वॉन डेर लेयेन

खामेनेई की मौत के बाद क्या ईरान लौट सकते हैं आखरी शाह के पुत्र?

ईरान ने ब्रिटिश सैन्य ठिकाने की ओर दागीं मिसाइलें, साइप्रस में अलर्ट

T20 विश्व कप 2026 से पाकिस्तान बाहर; सलमान आगा की कप्तानी जाएगी!

Exit mobile version