26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य आरोपी और पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी तहव्वुर हुसैन राणा की न्यायिक हिरासत 9 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। शुक्रवार (6 जून) को पटियाला हाउस कोर्ट में सुरक्षा कारणों से राणा को वर्चुअल माध्यम से पेश किया गया। वहीं तहव्वुर राणा ने परिवार से बातचीत करने के लिए अनुमति मांगी है।
सुनवाई के दौरान राणा के वकील ने उसके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की। इस पर कोर्ट ने तिहाड़ जेल प्रशासन को 9 जून तक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। राणा ने कोर्ट से अपने परिवार से बात करने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में उसने एक याचिका भी दायर की है, जिस पर अगली सुनवाई 9 जून को होगी। राणा के वकील का तर्क है कि एक विदेशी नागरिक के तौर पर अपने परिवार से बातचीत करना उसका मौलिक अधिकार है। वहीं, उसके परिजन भी उसकी सेहत को लेकर गहरी चिंता जता चुके हैं।
हालांकि, इससे पहले 24 अप्रैल को विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने राणा की इसी तरह की याचिका खारिज कर दी थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने इस याचिका का विरोध करते हुए दलील दी थी कि राणा अगर परिवार से बात करता है, तो वह किसी भी संवेदनशील जानकारी को साझा कर सकता है, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है।
गौरतलब है कि तहव्वुर राणा को हाल ही में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया है। वह 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई आतंकी हमलों का आरोपी है, जिनमें 166 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों घायल हुए थे। इन हमलों में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने मुंबई के विभिन्न स्थानों को निशाना बनाया था। इससे पहले 9 मई को कोर्ट ने राणा को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। अब अगली सुनवाई 9 जुलाई को होगी, जब राणा को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:
जम्मू-कश्मीर: कटरा में स्कूली बच्चों में उत्साह, बोले- मोदी शानदार नेता हैं!
15 जगहों पर एकसाथ कार्रवाई, बॉलीवुड कलाकार दिनो मोरियाके घर ईडी का छापा !
कटरा में पीएम मोदी बोले- हमारी सरकार ने चुनौतियों को दी चुनौती!



