हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, बेल का नियमित सेवन गर्मी के मौसम में शरीर को स्वस्थ और ठंडा रखने का सबसे आसान और प्राकृतिक तरीका है। बाजार के ठंडे पेय और शक्कर वाले जूस की जगह घर का बना बेल का शर्बत वरदान से कम नहीं। यह सस्ता, पौष्टिक और पूरी तरह प्राकृतिक है।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, बेल में फाइबर, प्रोटीन, आयरन और अन्य महत्वपूर्ण पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो गर्मियों में शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ कई बीमारियों से बचाव करते हैं। बेल का शर्बत गर्मियों में शरीर को अंदर से ठंडक देने वाला सबसे अच्छा पेय है।
बेल के शर्बत के सेवन से तन-मन को एक-दो नहीं, बल्कि कई लाभ मिलते हैं। यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। बेल में मौजूद उच्च मात्रा में फाइबर कब्ज, गैस और अपच की समस्या को जड़ से दूर करता है।
कोलेस्ट्रॉल और हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। इसके नियमित सेवन से कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है। यह रक्त शुद्धि भी करता है। बेल खून को शुद्ध करने में मदद करता है और शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालता है। इससे त्वचा भी स्वस्थ और चमकदार रहती है।
बेल का शर्बत बनाने के लिए ताजा बेल का गूदा निकालकर अच्छे से पीस लें। इसमें ठंडा पानी, थोड़ा काला नमक, जीरा पाउडर और स्वादानुसार शहद या गुड़ मिलाकर तैयार करें। गर्मियों में रोज सुबह या दोपहर में एक गिलास बेल का शर्बत पीने से पूरे दिन तरोताजा महसूस होता है।



