दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वॉल्टेड सिटी इलाके से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक बड़े हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से हथियारों की तस्करी कर दिल्ली समेत अन्य राज्यों की आपराधिक गैंगों को सप्लाई कर रहा था। इस मामले में 10 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और 21 उच्च गुणवत्ता वाले विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा करीब 200 जिंदा कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए हथियारों में अत्याधुनिक सब-मशीन गन और सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल शामिल हैं। इनमें PX-5.7 और PX-3 जैसे हथियार शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल क्रमशः विशेष बलों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। इसके अलावा स्टॉएगर (तुर्की), शैडो CZ (चेक गणराज्य), बेरेटा (इटली), टॉरस (ब्राजील) और वॉल्टर (जर्मनी) जैसी प्रसिद्ध कंपनियों के हथियार भी बरामद किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह तस्करी नेटवर्क संगठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित हो रहा था। ये हथियार पाकिस्तान से भारत-नेपाल सीमा के रास्ते भारत लाए जाते थे और फिर स्थानीय आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाए जाते थे। इन हथियारों का इस्तेमाल दिल्ली में अपराध करने के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस नेटवर्क का हिस्सा थे और हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए उनके पास पूरा लॉजिस्टिक सिस्टम मौजूद था। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हथियार तस्करी को बड़ा झटका लगा है। क्राइम ब्रांच ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का सफल ऑपरेशन बताते हुए कहा है कि भविष्य में भी ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:
1971 नरसंहार के दोषियों को पाक में बसाने की कोशिशें जारी : शेख हसीना!
‘एग्जाम में ध्यान रखते थे, बीमार होने पर साथ रहते थे’, शबाना आजमी ने किया फारूक शेख को याद!
बिहार में नए सीएम के फैसले में नीतीश कुमार की भूमिका अहम रहेगी : संजय सरावगी!
असिया अंद्राबी को UAPA के तहत उम्रकैद, हाफिज सईद और सैयद सलाहुद्दीन से संबंध उजागर



