केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ, जो एक फिल्म अभिनेता होने के साथ-साथ खिलाड़ी भी हैं, फुटबॉल खेलकर मैदान से लौट रहे थे, तभी कुछ लोग उनके सामने आए और उन्होंने फायरिंग कर दी।
शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा कि मुंबई पूरी तरह सुरक्षित है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूरे मामले की जानकारी ली है। एकनाथ शिंदे ने एक्टर से मुलाकात भी की है। हमारी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विदेश में बैठकर अगर कोई सोचता है कि वह मुंबई और बॉलीवुड को डराने की कोशिश करेगा तो वह सारी कोशिश विफल की जाएंगी।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि सरकार ने फायरिंग की घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने खुद कहा है कि जो भी इसमें शामिल है, उसे न केवल गिरफ्तार किया जाएगा, बल्कि उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने खुद टाइगर से मुलाकात की है।
वरिष्ठ वकील माजिद मेमन ने पूरे मामले पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद और चिंता की बात है कि मुंबई जैसे शहर में, जुहू जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े इस तरह की गोलीबारी होती है। मुझे लगता है कि हमारे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं, उन्हें इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। लगभग छह महीने पहले बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई थी और अब यह घटना सामने आई है। इससे पहले भी धमकियों से जुड़ी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं और ऐसा लगता है कि गैंगवार का एक सिलसिला फिर से शुरू हो रहा है।
उन्होंने कहा कि 1990 के दशक में, जब गैंगवार और अंडरवर्ल्ड की गतिविधियां अपने चरम पर थीं, तब ये काम देश के बाहर से किए जाते थे। अब ये काम देश के ही दूसरे राज्यों से किए जा रहे हैं। इसमें कुछ भी नया नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि लॉरेंस का नाम बार-बार अखबारों में आता है और वह घटनाओं की जिम्मेदारी भी लेता है। बाबा सिद्दीकी, जो एक मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे, उनकी हत्या कर दी गई, लेकिन इस मामले में कुछ नहीं किया जा सका। इसके बाद भी यही सिलसिला जारी है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता अरविंद सावंत ने कहा कि यह एक बहुत ही गंभीर घटना है। इससे पता चलता है कि हमारी कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी खराब हो गई है। यह वाकई चिंताजनक है। आज सुबह मैंने एक क्लिप देखी, जिसे देखकर ऐसा लगता है कि अब हमारे लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।



