पूर्वोत्तर के रास्ते भारत में प्रवेश और ट्रेन पकड़कर दूसरे राज्यों तक पहुंचने की कोशिश का मामला एक बार फिर सामने आया है। हैदराबाद जाने की फिराक में पहुंचे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सीमा पार कराने से लेकर हैदराबाद पहुंचाने तक किसी दलाल या संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
सोमवार को डाउन विवेक एक्सप्रेस के एनजेपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंचते ही एनजेपी जीआरपी और सिलीगुड़ी जीआरपी की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन के सामान्य डिब्बे में तलाशी ली गई। इसी दौरान संदेह के आधार पर पांचों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच में उनके बांग्लादेशी नागरिक होने और भारत में प्रवेश से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं होने की बात सामने आई।
रेलवे पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांचों त्रिपुरा के रास्ते भारत पहुंचे थे। इसके बाद अलग-अलग ट्रेनों से सफर करते हुए एनजेपी पहुंचे। यहां से उन्हें हैदराबाद जाना था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नूर मोहम्मद (55), मीर कासेम (59), काशमीन (19), मुक्कर रामा (18) और मोहम्मद जाशिर (15) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पांचों को डिटेंशन कैंप भेजने की व्यवस्था की गई। मामले की जांच जीआरपी कर रही है।
यह भी पढ़ें-



