18 बच्चों के पूर्व-सरपंच पिता की गर्लफ्रेंड ने की हत्या !

प्रेम संबंध में विवाद, गर्लफ्रेंड पर साजिश का आरोप

Former Sarpanch father of 18 children murdered by his girlfriend!

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां चार दिन से लापता एक पूर्व ग्राम प्रधान का शव बोरे में भरकर नहर के पास बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस हत्या के पीछे एक कथित अवैध प्रेम संबंध और उससे उपजा विवाद मुख्य कारण है।

मृतक की पहचान गुलहसन उर्फ मुन्ना (50) के रूप में हुई है, जो मंधाता थाना क्षेत्र के मिसिरपुर मुस्तरका गांव के पूर्व प्रधान थे। 18 मार्च को वह अपने घर से बाइक लेकर बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दो दिन बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कहा जा रहा है की उनकी प्रेमिका ने साजिश के तहत उनकी हत्या की।

गुलहसन का निजी जीवन भी इस मामले के बाद चर्चा में है। उन्होंने 22 वर्ष की उम्र में पहली शादी की थी, जिससे उनके 9 बच्चे (6 बेटे, 3 बेटियां) हैं। करीब 13 साल बाद उन्होंने दूसरी शादी की, जिससे 9 और बच्चे हुए। इस तरह उनके कुल 18 बच्चे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके मोबाइल रिकॉर्ड से अन्य महिलाओं से संपर्क के भी संकेत मिले हैं।

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर गुलहसन के आखिरी संपर्कों की जांच की, जिससे एक महिला तक पहुंच बनाई गई, जिसके साथ उनका कथित प्रेम संबंध था। इसी बीच, उनकी मोटरसाइकिल, चाबी और हेलमेट महरोड़ा इलाके से बरामद किए गए, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया।

पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि उसका गुलहसन के साथ पिछले दो वर्षों से संबंध था। उसने पुलिस को बताया कि वह इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, लेकिन गुलहसन इसके लिए तैयार नहीं थे। इससे परेशान होकर उसने अपने भाई से इस बारे में बात की, जिसके बाद हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार, महिला ने गुलहसन को बहाने से अपने मायके बुलाया। रात में जब वह कमरे में सो रहे थे, तभी महिला के भाई अतुल गौतम और उसके सहयोगी अरुण गौतम ने लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया। पुलिस शनिवार (21 मार्च)से ही नहर में तलाश कर रही थी। कम पानी के कारण शव करीब तीन किलोमीटर दूर सुमेरपुर के पास जाकर मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले में महिला को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार शाम शव को गांव लाया गया, जहां स्थानीय कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें:

₹71 लाख के क्रिप्टो फ्रॉड केस में CoinDCX के सह-संस्थापक गिरफ्तार!

‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान, 4 दिन में 600 करोड़ पार; ‘गदर 2’ को छोड़ा पीछे

PSL पर नया खतरा: तालिबान की विदेशी खिलाड़ियों को चेतावनी, ‘सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं’

Exit mobile version