लोणावला पुलिस ने जांच प्रक्रिया के तहत एक डमी बॉडी की मदद से पूरे घटनाक्रम को दोबारा दोहराया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सिया गोयल से घटना के बारे में जानकारी लेकर उसके बताए अनुसार घटनास्थल पर घटनाओं का क्रम समझने का प्रयास किया। क्राइम सीन रीक्रिएशन का उद्देश्य अब तक जुटाए गए साक्ष्यों का मिलान करना और जांच को मजबूत बनाना था।
मामले के जांच अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गजानन टोंपे ने बताया कि सिया गोयल द्वारा पूछताछ में दी गई जानकारी के आधार पर घटनास्थल पर पूरी घटना को री-क्रिएट किया गया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौके पर मौजूद थे।
गौरतलब है कि 20 वर्षीय सिया गोयल की सगाई पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल से हुई थी लेकिन वह यह शादी नहीं करना चाहती थी। सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सिया ने कथित तौर पर बताया कि यदि वह तय हो चुकी अरेंज मैरिज से इनकार करती तो परिवार की बदनामी होती। इसी वजह से उसने और चेतन ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 18 जून को केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले पर बुलाया गया। वहां सुनसान स्थान पर मौका देखकर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्राइम सीन रीक्रिएशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
ममता बनर्जी के वफादारों को चुन-चुनकर उन पर की जा रही कार्रवाई: कुणाल घोष!
