LPU में बवाल के बाद इंटरनेट बंद, 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

यौन उत्पीड़न के आरोपों पर हंगामा

LPU में बवाल के बाद इंटरनेट बंद, 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न की अफवाह के बाद मचे बवाल ने पुलिस प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। हालांकि अभी हालात काबू में बताए जा रहे हैं लेकिन फिर भी कब क्या हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसे में एहतियात के तौर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के आसपास इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस प्रशासन के द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

डीजीपी गौरव यादव के दौरे के बाद पुलिस ने परिसर के बाहर फिर से बड़ी संख्या में फोर्स तैनात कर दी है। पुलिस अब दोबारा से पहले जैसे हालात बनने नहीं देना चाहती। बताया जा रहा है कि पुलिस को आशंका है कि रविवार को जिन शरारती तत्वों ने छात्रों के बीच घुसकर गुंडागर्दी, तोड़फोड और आगजनी जैसी वारदात को अंजाम दिया था वह फिर से गड़बड़ी कर सकते हैं। इसलिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है।

पुलिस प्रशासन ने हर सिचुएशन से निबटने के लिए कमर कस ली है। सीएम भगवंत मान ने डीजीपी गौरव यादव को खुद मौके पर जा स्थिति का जायजा लेने के आदेश दिए हैं। ऐसे में डीजीपी गौरव ने खुद एलपीयू यूनिवर्सिटी का दौरा किया और वहां छात्रों से बात की। उन्होंने कहा कि अभी स्थिति कंट्रोल में है और सभी छात्र सुरक्षित हैं। यादव ने साफ तौर पर कहा कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यादव ने कहा कि जो भी गुनहगार हैं उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चाहे इसके पीछे कितना भी बड़ा नाम हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। यादव ने कहा कि रविवार को एक अफवाह इंटरनेट पर वायरल हुई जिसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस को जैसे ही इसकी सूचना मिली तो रात डेढ़ बजे पहुंचकर उन्होंने मौके पर स्थिति को संभाला।

यह भी पढ़ें-

नेपाल में फिर बाढ़, 21 लोगों की मौत

Exit mobile version