मुंबई जेल में हड़कंप: कैदी ने अधिकारी पर किया हमला, एफआईआर दर्ज!

घायल जेल अधिकारी ने इस घटना के बाद एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मुंबई जेल में हड़कंप: कैदी ने अधिकारी पर किया हमला, एफआईआर दर्ज!

Panic-in-Mumbai-jail-Inmate-attacks-officer-FIR-registered!

आर्थर रोड जेल से शनिवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां कैदियों के बीच हुए विवाद को सुलझाने गए एक जेल अधिकारी पर ही कैदी ने हमला कर दिया। इस हमले में अधिकारी चव्हाण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर पर, दाहिनी आंख के पास गहरी चोट आई है। घायल जेल अधिकारी ने इस घटना के बाद एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी कैदी की पहचान अफ्फान सैफुद्दीन खान के रूप में हुई है। उसने उसी जेल में बंद एक अन्य कैदी, मोहम्मद इम्तियाज इश्तियाक खान की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इसकी जानकारी मिलने पर अधिकारी चव्हाण कैदियों के बीच विवाद को शांत कराने पहुंचे और अफ्फान से पूछताछ की कि उसने इम्तियाज को क्यों पीटा।

इसी दौरान, अफ्फान ने अचानक हमला करते हुए अपना सिर जेल अधिकारी के सिर पर मार दिया। इस हमले में चव्हाण बुरी तरह से घायल हो गए और उन्हें तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, हमले के बाद भी अफ्फान आक्रामक रहा और लगातार गाली-गलौज करता रहा। उसने जेल प्रशासन के कामकाज में बाधा भी डाली। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि कहीं यह घटना कैदियों के बीच गैंगवार का हिस्सा तो नहीं है।

घायल जेल अधिकारी चव्हाण की शिकायत पर एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में आरोपी कैदी अफ्फान सैफुद्दीन खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनएम जोशी मार्ग पुलिस इस पूरे प्रकरण की आगे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें-

भारतीय परिवारों की वेल्थ 2024 बीते 8 वर्षों में सबसे तेजी से बढ़ी: रिपोर्ट! 

Exit mobile version