मुंबई में एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी के साथ ठगी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अंधेरी पूर्व इलाके में खुद को CBI अधिकारी बताकर एक ठग ने रिटायर्ड RBI कर्मचारी के साथ साइबर ठगी की। आरोपी ने गिरफ्तारी की धमकी देकर डर का माहौल बनाया और ऑनलाइन लेन-देन के जरिए कुल 1 लाख 10 हजार रुपये वसूल लिए।
जानकारी के अनुसार, 1 मार्च को सुबह करीब 10 बजे शिकायतकर्ता को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) का अधिकारी बताया। इसके बाद उसने कहा कि शिकायतकर्ता के खिलाफ गंभीर मामला दर्ज है और उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। डर के कारण शिकायतकर्ता ने शुरुआत में Google Pay के जरिए 20 हजार रुपये भेज दिए।
इसके बाद 4 मार्च को आरोपी ने बार-बार फोन कर और पैसे की मांग की। 1 मार्च से 4 मार्च के बीच आरोपी के कहने पर शिकायतकर्ता ने छह अलग-अलग ऑनलाइन लेन-देन के माध्यम से कुल 1 लाख 10 हजार रुपये भेज दिए।
इसके बाद आरोपी ने और 1 लाख 50 हजार रुपये की मांग की। पैसे उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर शिकायतकर्ता ने उसके फोन उठाना बंद कर दिया। इस बीच जब उन्होंने पूरी घटना अपने बेटे को बताई, तब यह साफ हुआ कि यह साइबर ठगी का मामला है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे धमकी भरे फोन कॉल से डरकर किसी को भी पैसे न भेजें और इस तरह की घटना होने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें:
ममता सरकार परिवर्तन की आंधी को रोक नहीं पाएगी: पीएम मोदी!
उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, पाकिस्तानी आतंकी ढेर
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1 लाख करोड़ रुपये का बड़ा दांव लगाने की तैयारी में भारत



