संचिता उगले मौत मामला, एआईसीडब्ल्यूए ने एसआईटी जांच मांगी!

संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की अपील की है।

संचिता उगले मौत मामला, एआईसीडब्ल्यूए ने एसआईटी जांच मांगी!

Sanchita-Ugale-death-case-AICWA-demands-SIT-probe!

टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी युवा अभिनेत्री संचिता उगले की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने एक बार फिर पूरे मनोरंजन जगत को झकझोर दिया है। इस मामले को लेकर अब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने महाराष्ट्र सरकार से स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) के गठन की मांग की है।

संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस को पत्र लिखकर इस पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की अपील की है।

सुरेश गुप्ता ने अपने पत्र में कहा, ”पिछले कुछ सालों में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें आत्महत्या और संदिग्ध मौत के मामले शामिल रहे हैं। हर इंसान की जिंदगी बेहद कीमती होती है और किसी भी परिवार को यह अधिकार है कि उसे सच्चाई और न्याय मिले। ऐसे मामलों में पारदर्शी जांच न केवल परिवार के लिए जरूरी है, बल्कि पूरे समाज का भरोसा बनाए रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है।”

एसोसिएशन ने कहा, ”यदि इस मामले की ठीक से जांच होती है तो इससे संचिता के परिवार को न्याय मिलेगा। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले अन्य कलाकारों का भरोसा भी मजबूत होगा। ऐसे मामलों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए और हर पहलू की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और कलाकार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।”

एसोसिएशन ने अपने पत्र में अनुरोध किया, ”संचिता की आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए। इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक 22 वर्षीय युवा कलाकार, जिसके पास करियर और भविष्य के कई सपने थे, उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

क्या इसके पीछे कोई मानसिक दबाव था, कोई बाहरी कारण था या फिर कोई और परिस्थिति, इन सभी पहलुओं की जांच जरूरी है। बिना किसी सबूत के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना गलत होगा, इसलिए हर एंगल से जांच की जानी चाहिए।”

इस पूरे मामले की जांच को लेकर संगठन ने कहा, “किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। केवल निष्पक्ष और विस्तृत जांच ही इस केस में सच्चाई सामने ला सकती है। ऐसी जांच से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि भविष्य में इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों की सुरक्षा और मानसिक स्थिति को लेकर भी बेहतर कदम उठाए जाएं।”

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, संचिता उगले नालासोपारा ईस्ट के साई संतोषी बिल्डिंग में रहती थीं। घटना 14 जून को शाम लगभग 7 बजे से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से साड़ी के जरिए फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।

यह भी पढ़ें-

रांची RSS कार्यालय हमला: भाजपा भड़की, संजय सेठ ने मांगी कार्रवाई!

Exit mobile version