राजधानी लखनऊ में एक बार फिर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बीकेटी क्षेत्र में एक वेज बिरयानी की दुकान के डीप फ्रीजर में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय विजय पाल के रूप में हुई है, जो किशनपुर गांव के निवासी थे और पिछले तीन दिनों से लापता बताए जा रहे थे।
घटना जीसीआरजी कॉलेज गेट के सामने स्थित एक वेज बिरयानी की दुकान की है, जो पिछले तीन दिनों से बंद थी। रविवार सुबह जब दुकान मालिक सामान लेने के लिए पहुंचा और डीप फ्रीजर खोला, तो अंदर विजय पाल का शव देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल को सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उसके मोबाइल फोन और आधार कार्ड के जरिए हुई। घटनास्थल के पास सड़क किनारे विजय पाल की एक चप्पल मिली, जबकि दूसरी दुकान के अंदर पाई गई। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात कहीं और अंजाम दी गई और बाद में शव को दुकान के फ्रीजर में छिपाया गया।
इस मामले में परिजनों ने किसी पर प्रत्यक्ष आरोप नहीं लगाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुकान मालिक समेत संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि दुकान तीन दिनों से बंद क्यों थी और इस दौरान वहां कौन-कौन आया।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच यह मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस पर एक बार फिर हमला
ईरान-अमेरिका युद्ध का भारतीय शेयर बाजार पर असर, 1300 अंक लुढ़का सेंसेक्स
खामनेई की मौत पर शिया मुसलमानों के पाकिस्तान में दंगे, 23 की मौत
