एफबीआई ने गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह (ओसीजी) का कथित तौर पर उत्तरी अमेरिकी प्रमुख बताया है और इस ग्रुप को एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोह करार दिया है। इस पर अमेरिका और कनाडा में हिंसक अपराधों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
अमेरिकी एजेंसी के अनुसार, इन अपराधों में राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्याएं, गोलीबारी, कत्ल, अपहरण, जबरन वसूली, मारपीट, मानव तस्करी, और नशीले पदार्थों तथा हथियारों की तस्करी जैसी घटनाएं शामिल हैं।
एफबीआई के लॉस एंजिल्स के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा, “सतिंदरजीत सिंह (गोल्डी बराड़) को हिंसा की प्रवृत्ति और उस पर लगे विभिन्न अपराधों के आरोपों के आधार पर एफबीआई की ‘दस सबसे वांछित भगोड़ों’ की कुख्यात सूची में शामिल किया गया है।”
उन्होंने कहा, “यह सूची उन लोगों के लिए है, जो फरार हैं और जिनके बारे में एफबीआई का मानना है कि उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए, ताकि वे किसी और को अपना शिकार न बना सकें। सतिंदरजीत सिंह जैसे हिंसक अपराधियों के मामले में यह बात और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
एफबीआई की रिपोर्ट में कहा गया है, “1 जुलाई को, लॉस एंजिल्स की अमेरिकी जिला अदालत ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ एक फेडरल गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उस पर साजिश, जबरन वसूली के जरिए व्यापार में बाधा डालने की साजिश और बाधा डालने की कोशिश, तथा नियंत्रित पदार्थों को वितरित करने और उन्हें वितरित करने के इरादे से अपने पास रखने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था।”
एफबीआई ने लोगों को सलाह दी कि वे गोल्डी बराड़ से किसी भी तरह का संपर्क न रखें। इसके बजाय, उन्हें एफबीआई या कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क करना चाहिए। अमेरिकी एजेंसी ने एक नंबर भी जारी किया है।



