राष्ट्रीय बहुदिव्यांगता जन सशक्तीकरण संस्थान (एनआईईपीएमडी) ने सीडीईआईसी, एनआईआईपीएमडी (डी) चेन्नई और सीआरसी मदुरै में अनुबंध के आधार पर अस्थायी सलाहकार के 22 विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनआईईपीएमडी की ओर से जारी 22 रिक्तियों में एनआईईपीएमडी (डी) चेन्नई में 15 और सीआरसी मदुरै में 7 पद शामिल हैं। एनआईईपीएमडी (डी) चेन्नई के 15 पदों में क्लिनिकल मनोवैज्ञानिक/पुनर्वास मनोवैज्ञानिक का 1, ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट का 1, ऑडियोलॉजिस्ट और स्पीच-लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट (एएसएलपी) का 1, अर्ली इंटरवेंशनिस्ट का 1, विशेष शिक्षक (बीएड विशेष शिक्षा (आईडी) का 1, विशेष शिक्षक (बीएड विशेष शिक्षा – एमडी/एलडी/एएसडी/एचआई/वीआई) का 1, फिजियोथेरेपिस्ट के 2, नर्स का 1, प्रशिक्षित देखभालकर्ता (केयरगिवर) के 2, एक्टिविटी टीचर (पूर्णकालिक) का 1, संबंधित विशेषज्ञताओं में बाहरी डॉक्टरों/संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों के आवश्यकता-आधारित दौरा का 1, सामाजिक कार्यकर्ता का 1 और डेटा एंट्री ऑपरेटर का 1 पद शामिल हैं।
सीआरसी मदुरै में जारी 7 रिक्तियों में ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट का 1, ऑडियोलॉजिस्ट और स्पीच-लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट (एएसएलपी) का 1, स्पेशल एजुकेटर के 2, अर्ली इंटरवेंशनिस्ट का 1, फिजियोथेरेपिस्ट का 1 और नर्स का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि रोजगार समाचार में संबंधित विज्ञापन के प्रकाशित होने की तारीख से 21 दिनों के भीतर तय की गई है।
ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनआईईपीएमडी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित रिक्तियों के लिए दिए गए आवेदन लिंक के माध्यम से तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास क्लिनिकल मनोवैज्ञानिक/पुनर्वास मनोवैज्ञानिक के लिए क्लिनिकल साइकोलॉजी/रिहैबिलिटेशन साइकोलॉजी/साइकोलॉजी या इसके समकक्ष विषय में एमफिल/एमए (आरसीआई द्वारा मान्यता प्राप्त) के साथ ही संबंधित क्षेत्र में योग्यता प्राप्त करने के बाद कम से कम 2 वर्षों का अनुभव; ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट के लिए बीओटी या उससे उच्च स्तर, जिसमें योग्यता प्राप्त करने के बाद कम से कम 2 वर्षों का संबंधित अनुभव हो|
फिजियोथेरेपिस्ट के लिए बीपीटी के साथ कम से कम 2 वर्ष का संबंधित पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव; नर्स के लिए नर्सिंग में डिप्लोमा के साथ ही योग्यता प्राप्त करने के बाद कम से कम 2 वर्षों का संबंधित अनुभव; प्रशिक्षित देखभालकर्ता के लिए आरसीआई-प्रमाणित सीबीआईडी/सीसीसीजी/सीसीसीजी-पी प्रमाणपत्र या समकक्ष योग्यता वाला दिव्यांग मित्र होना चाहिए।
एक्टिविटी टीचर (पूर्णकालिक) के लिए किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संगीत, नृत्य, ललित कला, मनोरंजन, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा, योग या इसके समकक्ष योग्यता का प्रमाण-पत्र/डिप्लोमा|
सामाजिक कार्यकर्ता के लिए एमए (सोशल वर्क) या ग्रेजुएट के साथ ही डीसीबीआर/डीवीआर (आईडी) योग्यता और योग्यता प्राप्त करने के बाद कम से कम 2 वर्षों का संबंधित अनुभव और डेटा एंट्री ऑपरेटर के लिए कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाला ग्रेजुएट पात्र है।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 590 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/महिला/ट्रांसजेंडर को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कर्मचारियों की सैलरी पदों के अनुसार 25,000 से 60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
हालांकि, संबंधित विशेषज्ञताओं में बाहरी डॉक्टरों/संबद्ध स्वास्थ्य पेशेवरों के आवश्यकता-आधारित दौरा के लिए 3,750 रुपए प्रति विजिट (एमबीबीएस/पीजी डिग्री वाले मेडिकल प्रोफेशनल्स) और 3,000 रुपए प्रति विजिट (एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स) के लिए होगी। वहीं, एक महीने में मेडिकल या संबंधित स्वास्थ्य पेशेवरों के अधिकतम 15 दौरे हो सकते हैं, जिसमें प्रत्येक दौरे की अवधि कम से कम 4 घंटे होनी चाहिए।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि एनआईईपीएमडी की ओर से यह नियुक्ति पूरी तरह से अस्थायी आधार पर होगी। नियुक्ति की अवधि शुरुआती तौर पर 3 वर्ष से अधिक नहीं होगी। हालांकि, इसे अधिकतम 5 वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।
