मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी बुधवार को अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। बरहेट के झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में झामुमो के एक वरिष्ठ नेता का समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होना स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। भाजपा ने इसे बरहेट में पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता और झामुमो के जनाधार में गिरावट का संकेत बताया है। बाबूलाल मरांडी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जनता का मोहभंग हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि इसकी झलक मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में भी दिखने लगी है। राजा राम मरांडी का अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होना इसी बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर भी निशाना साधा।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से राजनीतिक पक्षधरता से बचने की अपील की। भाजपा में शामिल हुए राजा राम मरांडी ने कहा कि झामुमो में लंबे समय तक काम करने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और जनहित के मुद्दों से भटक गई है।
उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर आदिवासी समाज सहित आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वह भाजपा को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को उठाने के लिए काम करेंगे।



