पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है। उस वीडियो में वह सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और उनके साथ आए बच्चों से मिलते और बात करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में पूर्व कप्तान के साथ आई एक नन्ही बच्ची के सुनाए एक भजन पर पीएम मोदी मंत्रमुग्ध दिख रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कैप्शन में लिखा, “दिवाली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दिवाली का माहौल और भी पवित्र और दिव्य हो गया है।” धनतेरस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ सूर्यकुमार यादव की सपरिवार मुलाकात बेहद खास है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था। यह पहला मौका था, जब किसी टीम ने अपने घर में टी20 विश्व कप जीता था। बतौर कप्तान विश्व कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को उनकी निजी खराब फॉर्म के कारण अगली सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया। सूर्या घरेलू क्रिकेट खेलकर भारतीय टीम में वापसी की कोशिश में हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान को घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है।
टी20 फॉर्मेट में कभी दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज रहे सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए 113 टी20 मैचों में 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाते हुए 3,272 रन बनाए हैं।



