30 C
Mumbai
Wednesday, November 25, 2026
होमन्यूज़ अपडेटमाटुंगा वर्कशॉप में सौर ऊर्जा से रेलवे को मिलेगी बड़ी बचत!

माटुंगा वर्कशॉप में सौर ऊर्जा से रेलवे को मिलेगी बड़ी बचत!

बिना शुरुआती निवेश के सौर ऊर्जा उत्पादन, सालाना 1.90 करोड़ रुपये की बिजली बचत और 2,340 मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन में कमी का अनुमान|

Google News Follow

मध्य रेल ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। मध्य रेल की माटुंगा वर्कशॉप में 2 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पावर प्लांट स्थापित किए गए हैं। इनसे न केवल रेलवे की बिजली जरूरतों का बड़ा हिस्सा पूरा होगा, बल्कि पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम करने और कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी मदद मिलेगी।

भारत की सबसे पुरानी रेलवे कार्यशालाओं में शामिल माटुंगा वर्कशॉप की स्थापना वर्ष 1915 में तत्कालीन ग्रेट इंडियन पेनिनसुला (जीआईपी) रेलवे के समय हुई थी। एक सदी से अधिक पुराने इस प्रतिष्ठान ने अब नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल की दिशा में नई पहल की है।

भारतीय रेल के वर्ष 2030 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य के अनुरूप वर्कशॉप की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं। खास बात यह है कि इन संयंत्रों की स्थापना RESCO मॉडल के तहत की गई है, जिसमें रेलवे को कोई प्रारंभिक पूंजीगत निवेश नहीं करना पड़ा। निजी डेवलपर्स ने संयंत्रों की स्थापना में निवेश किया है और उनके संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। रेलवे पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के तहत निर्धारित दरों पर उत्पादित बिजली खरीदता है।

इस परियोजना के तहत 1,000 किलोवाट क्षमता का पहला सौर संयंत्र मेसर्स एस.जी. रिन्यूएबल्स, नई दिल्ली ने स्थापित किया था, जिसे फरवरी 2020 में चालू किया गया। वहीं, दूसरा 1,000 किलोवाट क्षमता का संयंत्र मेसर्स कॉमस्पेक रिन्यूएबल, हैदराबाद द्वारा स्थापित किया गया, जो मार्च 2026 में चालू हुआ।

दोनों संयंत्रों की कुल डीसी क्षमता 2,300 किलोवाट पीक और एसी क्षमता 2,000 किलोवाट है। इनमें कुल 5,448 सौर मॉड्यूल और 35 इनवर्टर लगाए गए हैं। दोनों संयंत्रों में नेट मीटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।

बिजली खर्च में सालाना 1.90 करोड़ रुपये की बचत

इन सौर संयंत्रों से प्रतिवर्ष लगभग 28.56 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। इससे माटुंगा वर्कशॉप की कुल बिजली जरूरत का करीब 42.5 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो सकेगा। इसके परिणामस्वरूप बिजली खर्च में सालाना लगभग 1.90 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है।

पर्यावरण के लिहाज से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण है। इससे प्रतिवर्ष लगभग 2,340 मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम होने का अनुमान है। संयंत्रों के उत्पादन और परिचालन पर ऑनलाइन रिमोट मॉनिटरिंग के जरिए नजर रखी जाती है। इसके अलावा नियमित उत्पादन सत्यापन और सौर मॉड्यूल की समय-समय पर सफाई भी की जा रही है।

मध्य रेल में लक्ष्य से अधिक सौर क्षमता चालू

मध्य रेल में रूफटॉप सोलर ऊर्जा के विस्तार को लेकर भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा मध्य रेल को 10.33 मेगावाट पीक रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले अब तक 14.79 मेगावाट पीक क्षमता चालू की जा चुकी है। इस प्रकार मध्य रेल में कुल चालू रूफटॉप सोलर क्षमता बढ़कर 22.68 मेगावाट पीक हो गई है।

माटुंगा वर्कशॉप की यह पहल दर्शाती है कि रेलवे अपने मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करके स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन, परिचालन लागत में कमी और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को एक साथ आगे बढ़ा सकता है।

यह भी पढ़ें-

National Stock Exchange

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Star Housing Finance Limited
[td_block_social_counter open_in_new_window="y" style="style6 td-social-boxed" block_template_id="td_block_template_9" border_color="#fbd54a" f_header_font_size="26" f_header_font_weight="700" tdc_css="eyJhbGwiOnsibWFyZ2luLXRvcCI6IjAiLCJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzAiLCJwYWRkaW5nLXRvcCI6IjAiLCJkaXNwbGF5IjoiIn19" custom_title="हमें फॉलो करें" facebook="NewsDankaHindi" twitter="NewsDanka" youtube="channel/UCqtL0xCsgAmB3XXrh9nln2Q" manual_count_twitter="526" f_header_font_family="668"]

अन्य लेटेस्ट खबरें