मध्य रेल द्वारा आसनगांव–कसारा तीसरी लाइन परियोजना और कसारा यार्ड में अप यार्ड लाइन के विस्तार से जुड़े प्री-नॉन-इंटरलॉकिंग, नॉन-इंटरलॉकिंग और पोस्ट-नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों के लिए 7 से 18 अक्टूबर 2026 तक विशेष ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है। इस ब्लॉक का असर 10 से 13 अक्टूबर के बीच उपनगरीय लोकल और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा।
आसनगांव–कसारा के बीच तीसरी लाइन का यह काम कसारा–कल्याण तीसरी और चौथी लाइन परियोजना का हिस्सा है। परियोजना पूरी होने के बाद मेल/एक्सप्रेस और उपनगरीय ट्रेनों के संचालन को अलग करने में मदद मिलेगी। इससे रेल यातायात को अधिक सुचारु बनाने के साथ भविष्य में अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं चलाने की क्षमता भी बढ़ेगी।
10 से 13 अक्टूबर तक ब्लॉक का समय
- 10 अक्टूबर: दोपहर 3:35 बजे से रात 9:35 बजे तक
- 11 अक्टूबर: सुबह 11:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक
- 12 अक्टूबर: दोपहर 3:35 बजे से रात 8:35 बजे तक
- 13 अक्टूबर: दोपहर 3:35 बजे से रात 8:35 बजे तक
ब्लॉक कसारा–खर्डी तथा उंबरमाली–कसारा के बीच अप मेन लाइन, प्लेटफॉर्म नंबर 1, 3, 4 और अप यार्ड को प्रभावित करेगा।
लोकल ट्रेनों पर असर
ब्लॉक अवधि में आसनगांव और कसारा के बीच लोकल ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
10, 12 और 13 अक्टूबर को सीएसएमटी से 13:10, 14:17, 14:46 और 16:50 बजे चलने वाली कसारा लोकल को आसनगांव में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
कसारा से 15:35, 16:16, 17:02 और 18:17 बजे चलने वाली लोकल के स्थान पर आसनगांव से क्रमशः 16:12, 16:54, 17:39 और 18:54 बजे ट्रेनें रवाना होंगी।
10 अक्टूबर को कसारा–सीएसएमटी लोकल, जो 20:15 बजे रवाना होनी है, 20 मिनट की देरी से चलेगी। वहीं 11 अक्टूबर को 18:17 बजे वाली लोकल 13 मिनट की देरी से रवाना होगी।
पहली और आखिरी लोकल का समय
10 से 13 अक्टूबर तक ब्लॉक से पहले कसारा जाने वाली अंतिम लोकल सीएसएमटी से 12:30 बजे, जबकि सीएसएमटी जाने वाली अंतिम लोकल कसारा से 14:42 बजे रवाना होगी।
ब्लॉक के बाद कसारा जाने वाली पहली लोकल:
- 10, 12 और 13 अक्टूबर: सीएसएमटी से 18:28 बजे
- 11 अक्टूबर: सीएसएमटी से 16:50 बजे
सीएसएमटी जाने वाली पहली लोकल:
- 10 अक्टूबर: कसारा से 20:35 बजे
- 11 अक्टूबर: कसारा से 18:30 बजे
- 12 और 13 अक्टूबर: कसारा से 20:15 बजे
मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित
10, 12 और 13 अक्टूबर को कई लंबी दूरी की ट्रेनों को भुसावल मंडल में इगतपुरी या उससे पहले रेगुलेट किया जाएगा। इनके गंतव्य तक पहुंचने में 35 से 40 मिनट तक की देरी हो सकती है।
प्रभावित प्रमुख ट्रेनों में गोरखपुर–एलटीटी एक्सप्रेस, हरिद्वार–एलटीटी एसी एक्सप्रेस, हावड़ा–सीएसएमटी सुपरफास्ट, अमृतसर–सीएसएमटी एक्सप्रेस, कामाख्या–एलटीटी कर्मभूमि, सीतापुर–एलटीटी सुपरफास्ट, अयोध्या कैंट–एलटीटी तुलसी एक्सप्रेस, साईनगर शिर्डी–सीएसएमटी वंदे भारत, गीतांजलि एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, तपोवन एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस शामिल हैं।
11 अक्टूबर को भी कई अप दिशा की ट्रेनों को इगतपुरी या उससे पहले रेगुलेट किया जाएगा। इनमें धुले–सीएसएमटी, पाटलिपुत्र–एलटीटी, नांदेड़–सीएसएमटी वंदे भारत, प्रयागराज–एलटीटी दुरंतो, गोरखपुर–एलटीटी, छपरा–एलटीटी और पटना–वास्को-द-गामा एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों को गंतव्य तक पहुंचने में करीब 35 से 40 मिनट की देरी हो सकती है।
इसके अलावा कई डाउन दिशा की ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चलेंगी। इनमें एलटीटी–राजगीर, सीएसएमटी–नागपुर सेवाग्राम, पनवेल–गोरखपुर, एलटीटी–सीतापुर, सीएसएमटी–बल्हारशाह नंदीग्राम, एलटीटी–प्रयागराज वंदे भारत, एलटीटी–रक्सौल कर्मभूमि, सीएसएमटी–मनमाड पंचवटी, सीएसएमटी–नांदेड़ राज्यरानी, सीएसएमटी–गोंदिया विदर्भ और सीएसएमटी–फिरोजपुर पंजाब मेल जैसी ट्रेनें शामिल हैं।
कुशीनगर एक्सप्रेस के समय में सुधार
मध्य रेल ने पूर्व में जारी सूचना में सुधार करते हुए बताया है कि ट्रेन संख्या 22538 एलटीटी–गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा 9 अक्टूबर से शुरू होगी, लोकमान्य तिलक टर्मिनस से सुबह 4:30 बजे रिशेड्यूल समय पर रवाना होगी। पहले जारी विज्ञप्ति में इसे गलती से सीएसएमटी से रवाना होने के लिए रिशेड्यूल बताया गया था।
मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन का ताजा समय जांच लें। रेल प्रशासन के अनुसार ये ब्लॉक जरूरी बुनियादी ढांचा कार्यों और यात्री संरक्षा के लिए किए जा रहे हैं। 13 अक्टूबर के बाद होने वाले ब्लॉक की विस्तृत जानकारी उचित समय पर जारी की जाएगी।
