उन्नाव की बंकी देवी और नई बस्ती की रहने वाली माधुरी को पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। माधुरी ने बताया कि वह मूल रूप से साहबखेड़ा की रहने वाली हैं और पिछले 10-12 साल से किराए के मकान में रह रही थीं। किराए के घर में कई तरह की परेशानियां होती थीं। लेकिन पीएम आवास योजना ने उनकी जिंदगी बदल दी।
इसी तरह एक अन्य लाभार्थी ज्ञानमती है, जो पिछले 20 साल से किराए पर रह रही थीं। उन्होंने तीन साल पहले पीएम आवास योजना के लिए आवेदन किया था। फरवरी में जब उनके खाते में पहली किश्त आई, तो उन्होंने अपने घर का निर्माण शुरू कराया। अब उनका घर बनने वाला है और जल्द ही उन्हें रहने के लिए अपनी खुद की छत मिल जाएगी। उन्होंने कहा, “हम बहुत खुश हैं और पीएम मोदी को धन्यवाद करते हैं। अब किराए की टेंशन खत्म हो गई।”
कुलुआगाड़ा की रहने वाली सिया दुलारी का तो मकान बनकर तैयार भी हो गया है। वह अब अपने नए पक्के घर में शिफ्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की वजह से ही वह अपना घर बनवा पाई हैं। इससे उन्हें बहुत सुविधा हुई है। हर गरीब चाहता है कि उसका अपना घर हो और उसे हर महीने किराया न भरना पड़े। केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं की वजह से ही आज गरीबों के सपने सच हो रहे हैं।
कुलहुवा गाड़ा के निवासी बंटी निर्मल भी इस योजना के लाभार्थी हैं। बंटी पिछले 15 साल से शेखपुर में किराए पर रह रहे थे। अब आवास विकास में उनका अपना मकान बन रहा है। उन्होंने पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि पीएम मोदी गरीबों के बारे में सोच रहे हैं। इससे हम बहुत खुश हैं।
सभी लाभार्थियों का यही कहना है कि अपना घर होने से किराए की चिंता खत्म हो गई है और ये योजना गरीबों के लिए वरदान है।
