रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में बतौर सलामी बल्लेबाज 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में 2 रन बनाने के साथ ही रोहित ने इस उपलब्धि को अपने नाम किया। रोहित भारत की ओर से यह मुकाम हासिल करने वाले महज दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही कर सके हैं।
रोहित ओवरऑल इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले विश्व के चौथे बल्लेबाज हैं। रोहित बतौर ओपनर सबसे तेज 10 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने यह मुकाम अपनी 202वीं पारी में हासिल किया। इस मैच से पहले रोहित ने 201 पारियों में ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर 9,998 रन बनाए थे।
रोहित का प्रदर्शन दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार रहा था। उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए गुवाहाटी में 75 गेंदों में 101 रनों की दमदार पारी खेली थी।
शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक लगाया था। वह इस फॉर्मेट में सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बने। गिल ने 133 गेंदों में 223 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए भारतीय टीम को यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त पहले ही हासिल कर चुकी है। यही वजह है कि तीसरे वनडे में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं।



