व्हाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड सैनिकों पर हुए जानलेवा हमले के कुछ ही घंटे बाद, अमेरिका ने अफगानिस्तान से आने वाले सभी इमीग्रेशन आवेदनों की प्रोसेसिंग अनिश्चितकाल के लिए रोक दी है। बुधवार रात (अमेरिकी समयानुसार) US Citizenship and Immigration Services (USCIS) ने X पर एक आधिकारिक बयान जारी किया। एजेंसी ने लिखा, “तुरंत प्रभाव से अफगान नागरिकों से संबंधित सभी इमीग्रेशन अनुरोधों की प्रोसेसिंग रोक दी जाती है। सुरक्षा और वेटिंग प्रोटोकॉल की समीक्षा लंबित है। अमेरिकी जनता और हमारे राष्ट्र की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
यह घोषणा व्हाइट हॉउस के करीब गोलीबारी से दो नेशनल गार्ड सैनिको के गंभीर रूप से घायल होने के बाद की गई । दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
अमेरिकी मीडिया में CNN और Fox News ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हवाले से बताया कि हिरासत में लिया गया संदिग्ध रहमानुल्लाह लाकनवाल अफगानिस्तान से ‘गैर-कानूनी’ रूप से रह रहा प्रवासी है। रिपोर्ट्स के अनुसार वह जो बाइडेन प्रशासन के दौरान अमेरिका में आया था।
माना जा रहा है कि उसकी एंट्री ‘ऑपरेशन एलाइज वेलकम’ कार्यक्रम के तहत हुई थी, यह वही कार्यक्रम है जिसके जरिए अफगान युद्ध के बाद अमेरिकी सहयोगियों को US में शरण दी गई थी। हालांकि रिपोर्ट्स बताती है की लाकनवाल वीज़ा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वहीं रह गया।
एक रिश्तेदार ने NBC News को बताया कि 29 वर्षीय लाकनवाल अफगान सेना में था, कंधार में तैनात रहा और अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज की मदद करता था। उसे सेवा के दौरान चोट भी लगी थी और बाद में उसने अफगानिस्तान छोड़ दिया। रिश्तेदार ने कहा, “हम अफगानिस्तान में तालिबान के निशाने पर थे। यकीन नहीं होता कि वह ऐसा कुछ कर सकता है।”
डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले को आतंकी हमला बताते हुए कहा कि, यह घटना अमेरिका की पिछली इमीग्रेशन नीतियों की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन उन सभी अफगान नागरिकों के मामलों की समीक्षा करेगा, जो बाइडेन शासन के दौरान अमेरिका आए। ट्रंप ने कहा, “हमें अब उन सभी अफगान नागरिकों की जांच करनी होगी, जो बाइडेन प्रशासन की नीतियों के तहत अमेरिका में आए। और हमें किसी भी ऐसे विदेशी को हटाने के लिए कदम उठाने होंगे, जो इस देश के लिए लाभकारी नहीं है।”
रिपोर्ट्स के अनुसार, लाकनवाल ने कथित तौर पर एक महिला नेशनल गार्ड अधिकारी को छाती और सिर पर निशाना बनाकर गोली मारी। जवाबी गोलीबारी में वह भी गंभीर रूप से घायल हुआ। वह फिलहाल हिरासत में है और पूछताछ जारी है। लाकनवाल बीलिंगहैम, वॉशिंगटन में रह रहा था, लेकिन उसके हालिया गतिविधियों और संभावित उद्देश्यों के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
USCIS का अफ़ग़ान नागरिकों का वीजा रोकने का फैसला संकेत देता है कि अफगानिस्तान से आने वाले हजारों आवेदनों पर भी आगामी समय में कड़ी जांच और देरी अनिवार्य हो सकती है। अगले कुछ दिनों में व्हाइट हाउस, होमलैंड सिक्योरिटी और USCIS की ओर से और भी सख्त नीतिगत घोषणाएँ होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:
साइबर धोखाधड़ी: भोपाल में वकील ने ‘आतंकी फंडिंग’ में नाम की धमकी सुनकर की आत्महत्या !
क्या आधार कार्ड वाले विदेशी वोट डाल सकते हैं? सुप्रीम कोर्ट में बहस
ED: WinZO के संस्थापक सौम्या सिंह राठौर और पावन नंदा मनी लॉन्ड्रिंग में गिरफ्तार



