पटना के 90 गंगा घाट तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी छठ सुविधाओं की जानकारी!

हालांकि, इस बार पटना में छठ पूजा की तैयारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए जिला प्रशासन ने एक विशेष डिजिटल पहल की है।

पटना के 90 गंगा घाट तैयार, एक क्लिक पर मिलेगी छठ सुविधाओं की जानकारी!

90-Ganga-ghats-in-Patna-are-ready-information-about-Chhath-related-facilities-is-available-with-just-a-single-click

लोक आस्था, विश्वास और सूर्य उपासना का महापर्व छठ बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में लाखों श्रद्धालु नदियों, तालाबों और विभिन्न जलाशयों के किनारे पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है।

हालांकि, इस बार पटना में छठ पूजा की तैयारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए जिला प्रशासन ने एक विशेष डिजिटल पहल की है। इसके तहत श्रद्धालुओं को छठ घाटों से जुड़ी तमाम जरूरी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी।

पटना जिला प्रशासन ने छठ महापर्व 2026 के लिए एक आधिकारिक वेब ऐप तैयार किया है। इस ऐप के माध्यम से श्रद्धालु घर से निकलने से पहले ही अपने नजदीकी घाट, वहां उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसकी खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट नेटवर्क के भी काम करेगा। यानी घाटों पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या होने के बावजूद श्रद्धालु जरूरी जानकारियां देख सकेंगे। ऐप खोलते ही श्रद्धालुओं को एक डिजिटल नक्शा दिखाई देगा, जिसमें आसपास के छठ घाटों और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिलेगी। इसके माध्यम से सुरक्षित घाटों, खतरनाक घाटों और अनुपयुक्त घोषित स्थलों की पहचान की जा सकेगी।

प्रशासन ने इस बार 90 सुरक्षित घाट चिह्नित किए हैं, जबकि आठ घाटों को खतरनाक और सात को अनुपयुक्त घोषित किया गया है। खतरनाक घाटों पर श्रद्धालुओं को जाने से बचाने के लिए ऐप पर उनकी जानकारी और नक्शे की उपलब्धता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, सहायता केंद्र, शौचालय, वस्त्र बदलने के कक्ष, पेयजल और पार्किंग जैसी सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी।

प्रशासन के अनुसार, इसके तहत नौ प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, 19 सहायता केंद्र, 25 शौचालय स्थल, 27 वस्त्र बदलने के कक्ष, 14 पेयजल स्थल और 46 पार्किंग स्थलों की जानकारी दी गई है। इसके अलावा घाटों की संख्या और वहां उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का ब्योरा भी ऐप पर मिलेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

इस बार 607 अस्थायी शौचालय, 560 यूरिनल और 453 वस्त्र बदलने के कक्ष बनाए गए हैं। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए 321 नाव और नाविक, 432 गोताखोर, एनडीआरएफ की नौ और एसडीआरएफ की आठ टीमों की व्यवस्था की गई है।

डिजिटल ऐप के जरिए श्रद्धालु इन सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, पटना में छठ पूजा के दौरान गंगा घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए नगर निगम ने भी इस बार विशेष पहल की है।

पटना नगर निगम की ओर से गंगा घाटों के अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों के तालाबों, पार्कों, मंदिर परिसरों और अन्य स्थानों पर कुल 72 स्थायी एवं अस्थायी सार्वजनिक स्थलों पर अर्घ्य देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को उनके घरों के नजदीक ही छठ पूजा की सुविधा देना और प्रमुख घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करना है।

पटना सिटी अंचल स्थित मंगल तालाब में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल गंगा तट के समीप होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर अर्घ्य अर्पित करते हैं। हालांकि, आसपास के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को दूर जाने की जरूरत न पड़े।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छोटे वाटर ई-कार्ट के माध्यम से तालाबों में गंगाजल भी मिलाया जा रहा है। कार्तिक छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है। इसके बाद शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। उषा अर्घ्य के बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

यह भी पढ़ें-
ओवैसी-चंद्रशेखर के साथ आने से भाजपा की राह नहीं रुकेगी!
तृणमूल समय के एक पूर्व पुलिस अधिकारी की 2.78 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त
Exit mobile version