अफगानिस्तान के पूर्वी कुनार प्रांत में आए 6.3 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने तबाही मचा दी। देश के सूचना मंत्रालय के हवाले से मीडिया ने बताया कि इस आपदा में अब तक 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और करीब 500 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार सोमवार रात 12:47 बजे आया। इसका केंद्र 34.50 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.81 डिग्री पूर्वी देशांतर पर, करीब 160 किलोमीटर गहराई में स्थित था।
भूकंप के झटके न केवल अफगानिस्तान बल्कि पाकिस्तान और उत्तरी भारत तक महसूस किए गए। दिल्ली-एनसीआर में भी लोगों ने तेज झटके महसूस किए और घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
6.3 तीव्रता के इस भूकंप के बाद इलाके में कई आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए। इनमें 4.7, 4.3 और दो बार 5.0 तीव्रता के झटके शामिल थे। विशेषज्ञों के मुताबिक ये सभी झटके उथले या मध्यम गहराई वाले थे, जिन्हें अधिक खतरनाक माना जाता है क्योंकि इनकी तरंगें सतह तक जल्दी पहुंचती हैं और ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती हैं।
अफगानिस्तान और उसके आसपास का हिमालयी इलाका पिछले कुछ सालों में लगातार भूकंपीय गतिविधियों से प्रभावित रहा है। हिंदूकुश पर्वतमाला के सक्रिय भूगर्भीय ढांचे के कारण यह क्षेत्र हमेशा भूकंप के जोखिम में रहता है। हालिया आपदा एक बार फिर इस क्षेत्र की भूवैज्ञानिक नाजुकता और मानवीय त्रासदी की ओर ध्यान खींचती है।
यह भी पढ़े:
SCO शिखर सम्मेलन: पीएम मोदी बोले “भारत की नीति ‘सिक्यूरिटी, कनेक्टिविटी और ऑपर्च्युनिटी’ पर आधारित”
अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, कई आफ्टरशॉक्स से दहला इलाका
SCO देशों ने शहबाज़ शरीफ़ की मौजूदगी में पहलगाम हमले की कड़ी निंदा!



