पश्चिम आशिया में चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका ने ईरान के सामने 15 सूत्रीय प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव में तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त सीमाएं लगाने, प्रॉक्सी समूहों को दिया जाने वाला समर्थन बंद करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। बातचीत को आसान बनाने के लिए वॉशिंगटन एक महीने के युद्धविराम पर भी जोर दे रहा है। हालांकि, मांगों की व्यापकता और ऐसे प्रस्तावों के प्रति ईरान के लगातार विरोध को देखते हुए, तेहरान द्वारा इस योजना को स्वीकार करने की संभावना कम मानी जा रही है।
प्रस्तावित शांति योजना के अन्य प्रमुख बिंदुओं में ईरान की मिसाइल क्षमता और संबंधित सैन्य ढांचे को समाप्त करना शामिल है। इसके बदले में अमेरिका द्वारा प्रतिबंधों में आंशिक ढील देने, ईरान के बाहर ईंधन सुविधाओं के साथ संयुक्त राष्ट्र की निगरानी में नागरिक परमाणु कार्यक्रम की अनुमति देने और तेहरान की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए आर्थिक सहयोग की संभावना तलाशने की बात कही गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, युद्ध जारी रखने की मांग कर रहे इजरायली अधिकारियों को युद्धविराम के प्रस्ताव से आश्चर्य हुआ है। दौरान अमेरिका पहले से तैनात लगभग 50,000 सैनिकों के अलावा इस क्षेत्र में कम से कम 1,000 अतिरिक्त सैनिक भेजने की तैयारी कर रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रस्ताव पाकिस्तान के मध्यस्थों के जरिए ईरान तक पहुंचाया गया। पाकिस्तान ने चौथे सप्ताह में पहुंच चुके युद्ध को समाप्त करने के लिए वॉशिंगटन और तेहरान के बीच फिर से वार्ता आयोजित करने की इच्छा जताई है।
ट्रुथ सोशल पर मंगलवार (24 मार्च) को डोनाल्ड ट्रम्प ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की एक पोस्ट साझा की, जिसमें शरीफ ने कहा कि ईरान युद्ध समाप्त करने के लिए इस्लामाबाद “सार्थक और निर्णायक बातचीत कराने” के लिए तैयार है। जानकारी के अनुसार, अमेरिका ने पाकिस्तान में होने वाली बातचीत में शामिल होने के लिए सैद्धांतिक सहमति दे दी है, लेकिन ईरान को इसमें शामिल करने के प्रयास अभी जारी हैं। यह वार्ता अगले सप्ताह शुरू हो सकती है, जिसमें अमेरिकी प्रतिनिधियों में राजदूत स्टीव विटकॉफ और ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर के शामिल होने की संभावना है।
वहीं, ईरान ने किसी भी गुप्त बातचीत से इनकार किया है और आरोप लगाया है कि ट्रम्प अमेरिका के बाजारों को शांत करने के लिए हमलों को टाल रहे हैं। ईरान के अनुसार, संभावित 15 सूत्रीय समझौते के लिए समय देने के उद्देश्य से हमलों को पांच दिनों के लिए स्थगित किया गया था।
इस बीच, पेंटागन इस क्षेत्र में मरीन यूनिट्स के साथ अतिरिक्त सैनिक तैनात कर रहा है। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी सैन्य गतिविधियां बढ़ती हैं, तो खाड़ी क्षेत्र में बारूदी सुरंगें बिछाई जा सकती हैं। सुफान सेंटर के विश्लेषकों के अनुसार, ट्रम्प शायद बातचीत से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं, लेकिन गहरे अविश्वास, अमेरिका की बदलती मांगों और ईरान के भीतर बातचीत के अधिकार को लेकर अनिश्चितता के कारण किसी भी वार्ता को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें:
अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को देशविरोधी साजिश मामले में उम्रकैद सजा!
ऑपरेशन रोरिंग लायन जारी रहेगा, आधे रास्ते लौटना नामुमकिन: इजरायल!
हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने को तैयार 6 और LPG टैंकर, ईरान भारत से नहीं ले रहा ‘टोल’



