मुंबई के उपनगर घाटकोपर के अशोक नगर में बुधवार को तड़के पहाड़ी का हिस्सा धसककर गौसिया चॉल के छह घरों पर गिर जाने से 6 लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और पुलिस जवान राहत और बचाव अभियान में लगे हुए हैं।
क्षेत्रीय पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यह हादसा तड़के करीब सवा तीन बजे का है। भूस्खलन के मलबे से अब तक 6 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। अभी भी करीब छह लोगों के दबे होने की आशंका है।
मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने बताया कि मलबे की चपेट में कई घर आए हैं। इलाके के कुछ घरों को नोटिस जारी किए गए थे। अब पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी।
उपनगर जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को ३-३ लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की घोषणा की है। जिलाधिकारी के अनुसार, प्रशासन की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और आसपास के जोखिम वाले घरों को सुरक्षित करना है। राहत और बचाव कार्य जारी है।



