अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी ऊर्जा केंद्रों पर हमले की चेतावनी के बाद ईरान ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। ईरान ने कहा है कि अगर अगले 48 घंटों के बाद उसके ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमला किया गया, तो वह होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर देगा। इस बयान के बाद मध्य-पूर्व का तनाव और बढ़ गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी थी, “अगर ईरान ने बिना किसी शर्त के 48 घंटों के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोला, तो अमेरिका उनके प्रमुख ऊर्जा प्रोजेक्ट्स पर हमला कर उन्हें नष्ट कर देगा, जिसकी शुरुआत सबसे बड़े प्रोजेक्ट से होगी।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कालीबाफ ने कहा कि अगर तेहरान की बुनियादी सुविधाओं को निशाना बनाया गया, तो पूरे क्षेत्र की प्रमुख संरचनाएं अपरिवर्तनीय रूप से नष्ट हो सकती हैं।
ईरानी सैन्य अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि वे खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका से जुड़े ऊर्जा, तकनीकी और जल संसाधन ढांचे को निशाना बना सकते हैं। वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद ही रहेगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ईरान ने 28 फरवरी को इस अहम मार्ग को बंद कर दिया था। इस संकरे जलमार्ग में रुकावट के कारण टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हुई है, ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं और वैश्विक बाजार पर इसका असर पड़ा है।
इजरायली रक्षा बल (IDF) के अनुसार, युद्ध की शुरुआत से अब तक ईरान ने 400 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं, जिनमें से अधिकांश को उनकी रक्षा प्रणाली ने हवा में ही रोक दिया। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 92 प्रतिशत मिसाइलें लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दी गईं।
इस संघर्ष का असर दोनों पक्षों पर साफ दिखाई दे रहा है। ईरान में रेड क्रेसेंट के अनुसार, अमेरिका-इजरायल के हमलों में 81,000 से अधिक घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, इजरायल में ईरानी हमलों के कारण 2,700 से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं और सरकार राहत व पुनर्वास के लिए कदम उठा रही है।
यह भी पढ़ें:
पीएम मोदी भारतीय इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले राष्ट्राध्यक्ष बने: लोकेश नारा!
ईरान ने स्पैनिश प्रधानमंत्री की तस्वीरें लगाकर इजरायल पर दागी मिसाइलें
पाकिस्तान सुपर लीग: खाली स्टेडियम में मैच, नकवी को मांगनी पड़ी माफी!
20 लाख अमेरिकी डॉलर दीजिए और होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाज ले जाइए!



