भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी टेस्ट रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। भारत के 374 रन के लक्ष्य के जवाब में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए हैं। इंग्लिश टीम को जीत के लिए और 324 रन बनाने हैं।
हालांकि, इस सीरीज में मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी चर्चा का विषय रही है। बिना रुके, बिना थके इस तेज गेंदबाज ने पांचों टेस्ट में हिस्सा लिया और जरूरत पड़ने पर विकेट भी निकाले हैं। सिराज के नाम फिलहाल सीरीज में सबसे ज्यादा 19 विकेट हैं।
उन्होंने 10 पारियों में अब तक 160 ओवर के करीब गेंदबाजी की है और ज्यादातर प्रभावशाली रहे हैं। इस मैराथन सीरीज के दौरान क्या एक बार भी उनके मन में शारीरिक तौर पर ब्रेकडाउन का ख्याल नहीं आया? य़ह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह आराम के बारे में नहीं, बल्कि हमेशा मैच के बारे में सोचते हैं।
इस वक्त वर्कलोड मैनेजमेंट शब्द काफी ज्यादा चलन में है, क्योंकि जसप्रीत बुमराह को इसके तहत तीन टेस्ट में ही खिलाया गया। वहीं, सिराज का पांच टेस्ट मैचों में खेलते रहना और 19 विकेट लेना उनकी विश्वस्तरीय फिटनेस और बेहतरीन स्टैमिना का प्रमाण है।
पूर्व भारतीय खिलाड़ी दिनेश कार्तिक के साथ स्काई स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में सिराज ने कहा, ‘मैं ब्रेकडाउन के बारे में नहीं सोचता। मैं सिर्फ मैच के बारे में सोचता हूं। मुझे देश के लिए खेलना पसंद है और मैं देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं। मैं अपनी योजनाओं को सरल रखता हूं और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता हूं और इससे नतीजे भी मिलते हैं।’
जसप्रीत बुमराह कार्यभार प्रबंधन के कारण सिर्फ तीन टेस्ट ही खेल पाए। उनकी अनुपस्थिति में सिराज ने अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाली। सिराज ने कहा कि उन्हें जिम्मेदारी उठाना अच्छा लगता है।
सिराज ने कहा, ‘मुझे जिम्मेदारी पसंद है। लेकिन मुझे जस्सी भाई की भी कमी खलती है क्योंकि वह सीनियर गेंदबाज हैं। वह उदाहरण पेश करते हैं कि हमें अलग-अलग बल्लेबाजों को कैसी गेंदबाजी करनी है।
मुझे यह पसंद है। जब जस्सी भाई नहीं होते तो आपको पता है कि आपको अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी होगी और मुझे इसमें मजा आता है। मैं अतिरिक्त दबाव नहीं लेता और चीजों को सरल रखने की कोशिश करता हूं।’