अफगानिस्तान को भूकंप त्रासदी से उभरने के लिए भारत ने तुरंत भेजी मदद!

जयशंकर बोले– अफगानिस्तान के साथ खड़ा है भारत

अफगानिस्तान को भूकंप त्रासदी से उभरने के लिए भारत ने तुरंत भेजी मदद!

india-aid-afghanistan-earthquake-relief-2025

अफगानिस्तान में आए विनाशकारी भूकंप ने 800 से अधिक लोगों की जान ले ली है और हजारों बेघर हो गए हैं। इस कठिन घड़ी में भारत ने मानवीय सहयोग का हाथ बढ़ाया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोमवार को अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री मावलवी आमिर खान मुत्ताकी से बातचीत कर संवेदना प्रकट की और राहत सामग्री भेजने की जानकारी दी।

जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “आज अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी अमीर ख़ान मुत्तक़ी से बात की… बताया कि भारत ने आज काबुल में 1000 परिवारों के लिए टेंट पहुँचाए हैं। भारतीय मिशन द्वारा काबुल से कुनार तक 15 टन खाद्य सामग्री भी तुरंत पहुँचाई जा रही है। कल से भारत से और राहत सामग्री भेजी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि भारत ने काबुल में 1000 परिवारों के लिए टेंट पहुंचा दिए हैं, वहीं 15 टन खाद्य सामग्री भी तुरंत काबुल से कुनार भेजी जा रही है। जयशंकर ने आगे बताया कि भारत से और भी राहत सामग्री मंगलवार से भेजी जाएगी। विदेश मंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए आश्वासन दिया कि इस आपदा की घड़ी में भारत हमेशा अफगानिस्तान के साथ खड़ा रहेगा।

अफगानिस्तान के तालिबान अधिकारियों के अनुसार, देश के कई प्रांतों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 6.0 रही और यह रात लगभग आधी रात को आया, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। झटकों से घर ढह गए और पांच से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, काबुल से लेकर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद तक झटके महसूस किए गए। USGS ने अनुमान लगाया कि 12 लाख से अधिक लोगों ने तेज या बेहद तेज झटके झेले। कम से कम पांच प्रांतों में भारी तबाही की खबर है। राहत दल लगातार प्रभावित इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जा सके।

भारत की ओर से तत्काल मदद भेजे जाने को कूटनीतिक और मानवीय दृष्टि से अहम कदम माना जा रहा है। ऐसे समय में जब अफगानिस्तान भूकंप की भीषण मार झेल रहा है, भारत का यह सहयोग दोनों देशों के बीच भरोसे को और मजबूत करता है।

यह भी पढ़ें:

राहुल फाजिलपुरिया फायरिंग और रोहित शौकीन हत्याकांड में दो गिरफ्तार​!

एससीओ शिखर सम्मेलन उच्च-गुणवत्ता विकास और सहयोग को नई शक्ति देगा​!

गाजीपुर: मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा नगर पंचायत चेयरमैन गिरफ्तार!

अमेरिकी टैरिफ का पीतल कारोबार पर कम असर, घरेलू अवसर पर्याप्त!

Exit mobile version