फुजैरा हमले पर भारत का कड़ा रुख, ईरान की कार्रवाई पर जताई नाराजगी

तीन भारतीयों के घायल होने की खबर

फुजैरा हमले पर भारत का कड़ा रुख, ईरान की कार्रवाई पर जताई नाराजगी

India takes tough stand on Fujairah attack, expresses displeasure over Iran's action

भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा पेट्रोलियम इंडस्ट्री ज़ोन पर ईरानी हमले की कड़ी निंदा की है। ईरान के इस हमलें में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। भारत सरकार ने इस हमले को “अस्वीकार्य” बताते हुए तत्काल शत्रुता समाप्त करने और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने से रोकने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “फुजैरा में हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना अस्वीकार्य है। हम तत्काल इन हमलों को रोकने और नागरिकों तथा नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने पर विराम लगाने की अपील करते हैं। भारत इस स्थिति के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य में निर्बाध नौवहन और व्यापार का भी समर्थन करता है और शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों में सहयोग के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हमले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। भारत यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है और सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है।”

सोमवार (4 मई)को ईरान द्वारा किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के दौरान फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री ज़ोन में आग लग गई थी, जिसे काबू में करने के लिए आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया। UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस हमले में चार क्रूज़ मिसाइल दागे गए, जिनमें से तीन को वायु रक्षा प्रणाली ने मार गिराया, जबकि एक समुद्र में गिर गई।

यह क्षेत्र UAE के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके जरिए देश होर्मुज जलडमरूमध्य को बाईपास करते हुए ओमान की खाड़ी के रास्ते तेल निर्यात करता है। हमले के दौरान दुबई और अबू धाबी सहित कई शहरों में निवासियों को संभावित मिसाइल खतरे को लेकर अलर्ट जारी किए गए।

अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है और घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास ने आश्वासन दिया कि प्रभावित भारतीयों के कल्याण का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। UAE के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को “विश्वासघाती” बताते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा करार दिया है और कहा है कि देश को जवाब देने का पूरा अधिकार है।

बता दें की वॉशिंगटन और तेहरान के बीच हुए युद्धविराम के बाद क्षेत्र में कुछ हद तक शांति देखी जा रही थी। हालांकि, ताजा हमलों ने उस विराम को तोड़ते हुए एक बार फिर खाड़ी क्षेत्र में युद्ध को भड़का दिया है, जिससे क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर स्थिति के और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:

भाजपा की प्रचंड जीत के बाद वर्षों से बंद दुर्गा मंदिर खुला

१२ साल पहले ही अमित शाह ने बताया था पश्चिम बंगाल का भविष्य!

यूक्रेन को कड़ी चेतावनी देते हुए रूस ने एकतरफा युद्धविराम घोषित किया

टैगोर जयंती के दिन पश्चिम बंगाल में नई सरकार लेगी शपथ

Exit mobile version