इराक की FIFA से विश्व कप क्वालीफायर प्लेऑफ टालने की मांग

25 घंटे की सड़क यात्रा योजना ठुकराई

इराक की FIFA से विश्व कप क्वालीफायर प्लेऑफ टालने की मांग

Iraq asks FIFA to postpone World Cup qualifier playoffs

खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के कारण इराक की 2026 फुटबॉल विश्व कप में पहुंचने की उम्मीदों पर संकट मंडरा रहा है । इराक फुटबॉल संघ ने वैश्विक फुटबॉल संस्थान फीफा से आगामी विश्व कप क्वालीफाइंग प्लेऑफ मुकाबलों को स्थगित करने की औपचारिक मांग की है।

रिपोर्टों के अनुसार इराक फुटबॉल असोसिअशन ने फीफा को पत्र लिखकर बताया है कि क्षेत्र में जारी युद्ध और हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण टीम के खिलाड़ियों और स्टाफ का सुरक्षित यात्रा करना संभव नहीं हो पा रहा है।

इराक की टीम 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने से केवल एक जीत दूर है। यह टूर्नामेंट जून-जुलाई 2026 में अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में आयोजित होना है। प्लेऑफ मुकाबले मार्च के अंत में मेक्सिको में प्रस्तावित हैं, जहां अंतिम दो टीमों का चयन होगा।

लेकिन पश्चिम एशिया में अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण कई देशों का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है। इसी वजह से इराक के कई खिलाड़ी देश में ही फंसे हुए हैं और उनके विदेश यात्रा की संभावना फिलहाल अनिश्चित बनी हुई है।

टीम के ऑस्ट्रेलियाई मुख्य कोच ग्रैहम अर्नोल्ड भी दुबई में फंसे हुए बताए जा रहे हैं और उनकी यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। इराक के परिवहन मंत्रालय ने पहले ही फुटबॉल संघ को सूचित कर दिया था कि युद्ध की स्थिति के कारण देश का हवाई क्षेत्र पूरे मार्च महीने के लिए बंद रह सकता है।

फीफा ने इराकी टीम के लिए एक वैकल्पिक यात्रा योजना सुझाई थी, जिसके तहत खिलाड़ियों को बगदाद से सड़क मार्ग के जरिए तुर्की के इस्तांबुल पहुंचना था और वहां से हवाई मार्ग से मेक्सिको जाना था। हालांकि यह यात्रा लगभग 25 घंटे लंबी होती और सुरक्षा जोखिम भी अधिक होते।

इराक फुटबॉल संघ ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। संघ का कहना है कि क्षेत्र में लगातार ड्रोन और सैन्य गतिविधियों के बीच इतनी लंबी सड़क यात्रा खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए सुरक्षित नहीं मानी जा सकती।

यात्रा संबंधी समस्याओं के अलावा एक और चुनौती सामने आई है। रिपोर्टों के अनुसार इराकी टीम के कई खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अभी तक मेक्सिको और अमेरिका के वीजा नहीं मिले हैं। क्षेत्र में दूतावास और वीजा सेवाएं भी संघर्ष के कारण प्रभावित हुई हैं, जिससे प्रक्रिया और जटिल हो गई है। प्लेऑफ में इराक का मुकाबला बोलीविया या सुरिनेम में से किसी एक टीम से होना था। इस मैच में जीत हासिल करने पर इराक को सीधे विश्व कप के मुख्य टूर्नामेंट में जगह मिल सकती थी।

अब इराकी फुटबॉल संघ को उम्मीद है कि फीफा मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए प्लेऑफ मुकाबलों को स्थगित करने पर विचार करेगा, ताकि टीम सुरक्षित रूप से भाग ले सके। फिलहाल इस मामले पर फीफा की ओर से अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:

न्यूजीलैंड ने गिफ्ट में दे दिया ‘विश्व कप’, भारत की जीत को पचा नहीं पा रहे मोहम्मद आमिर! 

लोकसभा में कांग्रेस के हंगामे पर रिजिजू का तंज, क्या देश का एक ही महाराजा है!

ओप-एड: ध्रुवीकृत दुनिया में रणनीतिक स्वायत्तता!

ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते धीमा पड़ सकता है भारत का इंटरनेट?

Exit mobile version