राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस में उपस्थित वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी तथा सरदार पटेल की भूमि गुजरात की ओर से उनका हार्दिक स्वागत किया।
गुजरात की आर्थिक क्षमता एवं औद्योगिक गतिशीलता के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि देश की केवल 5 प्रतिशत जनसंख्या वाला गुजरात भारत की जीडीपी में 8 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है।
उन्होंने कहा कि गुजरात यानी ‘स्पीड, स्केल और स्टेबिलिटी।’ गुजरात में निर्णय तेजी से लिए जाते हैं और नीतियां अत्यंत पारदर्शी एवं स्पष्ट हैं। गुजरात पूरे भारत का प्रवेश द्वार है और भारत दुनिया के लिए प्रवेश द्वार है। जापान तथा गुजरात के बीच संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुजुकी, बुलेट ट्रेन परियोजना और जापानी औद्योगिक पार्क यह सिद्ध करते हैं कि जापान गुजरात में पहले से ही अपने घर जैसा माहौल महसूस करता है।
भविष्य के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (ईवी) और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे भविष्य के अत्याधुनिक क्षेत्रों का केंद्र आज गुजरात बन रहा है। जापान के पास अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी है और गुजरात के पास उत्कृष्ट प्रतिभा है, दोनों की शक्तियां मिलकर वैश्विक स्तर पर नेतृत्व प्रदान कर सकती हैं।
उपमुख्यमंत्री ने जापान के निवेशकों को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में उपस्थित रहने के लिए हार्दिक निमंत्रण देते हुए ‘आइए, देखिए, निवेश कीजिए और हमारे साथ विकास कीजिए’ का आह्वान किया।



