पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दो भारतीय एलपीजी टैंकर सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। इन टैंकरों के पहुंचने से देश में रसोई गैस की आपूर्ति को स्थिर करने में मदद मिलेगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, BW TYR और BW ELM नामक दो टैंकर करीब 94,000 टन एलपीजी लेकर आ रहे हैं। BW TYR के 31 मार्च तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है, जबकि BW ELM 1 अप्रैल तक मैंगलुरु पहुंच सकता है। इनकी खेप देश में गैस की उपलब्धता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
इससे पहले भी चार अन्य भारतीय टैंकर सुरक्षित रूप से इस मार्ग को पार कर चुके हैं। ‘पाइन गैस’ और ‘जग वसंत’ जैसे जहाज 26 से 28 मार्च के बीच 92,000 टन से अधिक एलपीजी भारत पहुंचा चुके हैं। वहीं, ‘एम टी शिवालिक’ और ‘एमटी नंदादेवी’ जैसे टैंकर मुंद्रा पोर्ट और कांडला पोर्ट पर पहले ही डिलीवरी कर चुके हैं।
भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात पर निर्भर करता है। देश की करीब 60 प्रतिशत मांग आयात से पूरी होती है, जिसमें से लगभग 90 प्रतिशत आपूर्ति पश्चिम एशिया से आती है। ऐसे में अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण इस क्षेत्र में शिपिंग पर असर पड़ा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन टैंकरों का सुरक्षित पहुंचना किसी संभावित गैस संकट को टालने में बेहद महत्वपूर्ण है। आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में घरेलू उपभोक्ताओं पर सीधा असर पड़ सकता था।
स्थिति को देखते हुए भारत ने अमेरिका और अर्जेंटीना जैसे देशों से भी एलपीजी आयात बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं। सरकार और संबंधित एजेंसियां क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, वहां मौजूद भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास भी जारी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, देश के सभी प्रमुख बंदरगाहों पर संचालन सामान्य है और किसी प्रकार की भीड़ या बाधा नहीं है। लगातार निगरानी और त्वरित कदमों की वजह से ईंधन आपूर्ति की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बनी हुई है। पश्चिम एशिया में अनिश्चित हालात के बीच इन टैंकरों का सुरक्षित भारत पहुंचना ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
न्यायिक अधिकारियों को कूच बिहार से टीएमसी नेता का धमकी भरा पत्र मामला
अमृतसर में हथियार तस्करी का भंडाफोड़, फरार आरोपियों की तलाश जारी
रेमंड के संस्थापक विजयपत सिंघानिया का अंतिम संस्कार, उद्योग जगत ने दी भावभीनी विदाई



