कल्याण सिंह की तेरहवीं आज, शामिल होंगी कई राजनीतिक हस्तियां, सुरक्षा कड़ी

कल्याण सिंह की तेरहवीं आज, शामिल होंगी कई राजनीतिक हस्तियां, सुरक्षा कड़ी

लखनऊ। यूपी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की आज तेरहवीं है। इस कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी के अलावा बड़ी संख्या में बाहर से राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में एक लाख लोगों को खाना खिलाया जाएगा।  बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल को पांच जॉन में बांटा गया है और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गए हैं।
कल्‍याण सिंह के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने के लिए उत्‍तर प्रदेश के बाहर से भी बड़ी संख्‍या में राजनीतिक हस्तियां पहुंच रही हैं। इनमें मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्कर धामी, राजस्थान की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य शामिल हैं।
कई केंद्रीय और राज्यमंत्री भी आएंगे। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पीडब्ल्यूडी की ओर से हेलीपैड तैयार कराया गया है। उधर, अलीगढ़ प्रशासन ने कार्यक्रम में व्‍यवस्‍था को लेकर खासी तैयारियां की हैं। पूरे मंडल से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने गांव में डेरा डाल रखा है। त्रयोदशी संस्‍कार में शामिल होने आ रही क्षेत्रीय जनता के लिए कार्यक्रम स्‍थल पर छोटे-बड़े पंडाल लगाए गए हैं।
उन्‍हें रामघाट रोड की ओर से प्रवेश मिलेगा। यहां छोटे-बड़े चार पंडाल लगाए गए हैं। वीवीआईपी के पहुंचने की व्यवस्था कॉलेज रोड की ओर से की गई है। उनके लिए भोजना की व्‍यवस्‍था छोटे मैदान में लगाए गए टेंट में की गई है। वहां भोजन के लिए पंडाल, स्टेज और तीन स्विस कॉटेज बनाए गए हैं। भोजन की जिम्‍मेदारी अलीगढ़ के एक कैटरर को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र को धनीपुर हवाई पट्टी से लेकर आयोजन स्थल तक पांच जोन में बांटा गया है। 14 सेक्टर बनाए गए हैं।  पूर्व मुख्‍यमंत्री के त्रयोदशी संस्‍कार में एक लाख लोगों के भोजन करने की संभावना है। उनके लिए भोजन तैयार करने में 1400 हलुवाई जुटे हैं।

Exit mobile version