एंथ्रोपिक के पक्ष में आयी माइक्रोसॉफ्ट; ट्रंप प्रशासन के खिलाफ खटखटाया अदालत का दरवाज़ा

एंथ्रोपिक के पक्ष में आयी माइक्रोसॉफ्ट; ट्रंप प्रशासन के खिलाफ खटखटाया अदालत का दरवाज़ा

Microsoft comes to Anthropic's aid; files suit against Trump administration

अमेरिकी तकनीकी दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी एंथ्रोपिक के पक्ष में अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए एक महत्वपूर्ण कानूनी कदम उठाया है। कंपनी ने अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) द्वारा एआई स्टार्टअप को “सप्लाई-चेन जोखिम” घोषित करने के फैसले के खिलाफ चल रही कानूनी लड़ाई में उसका समर्थन किया है।

मंगलवार (10 मार्च) को दायर एक एमिकस ब्रीफ में माइक्रोसॉफ्ट ने सैन फ्रांसिस्को की संघीय अदालत से आग्रह किया कि अदालत इस मामले पर अंतिम निर्णय लेने तक पेंटागन के आदेश पर अस्थायी रोक (Temporary Restraining Order – TRO) लगाई जाए। कंपनी का तर्क है कि यदि यह आदेश तुरंत लागू होता है तो इससे सरकारी ठेकेदारों और तकनीकी आपूर्तिकर्ताओं के लिए बड़े स्तर पर व्यवधान पैदा हो सकता है।

Claude AI मॉडल बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने सोमवार (9 मार्च)को मुकदमा दायर कर पेंटागन के उस निर्णय को चुनौती दी थी, जिसमें उसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े ब्लैकलिस्ट में डालने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस कदम से अमेरिकी सैन्य एजेंसियों द्वारा उसकी तकनीक के उपयोग पर गंभीर प्रतिबंध लग सकते हैं।

Microsoft ने अदालत में कहा कि वह सीधे तौर पर इस निर्णय से प्रभावित है, क्योंकि उसकी कई तकनीकी सेवाओं और समाधानों में Anthropic की एआई तकनीक एकीकृत है, जिन्हें वह अमेरिकी सैन्य और सरकारी एजेंसियों को उपलब्ध कराता है। कंपनी के अनुसार यदि तुरंत प्रतिबंध लागू हुआ तो कई आपूर्तिकर्ताओं को अपने उत्पादों और सेवाओं को दोबारा तैयार करना पड़ेगा, जिससे भारी लागत और संचालन संबंधी बाधाएं उत्पन्न होंगी।

माइक्रोसॉफ्ट ने अपने दस्तावेज में कहा, “अगर यह कार्रवाई बिना किसी तत्काल रोक के आदेश के आगे बढ़ती है, तो माइक्रोसॉफ्ट और दूसरे सरकारी कॉन्ट्रैक्टर, जिन्हें US सरकार के मिशन को सपोर्ट करने के लिए सॉल्यूशन बनाने में महारत हासिल है, उन्हें अपनी बिज़नेस प्लानिंग में एक नए रिस्क का ध्यान रखना होगा।”

कंपनी का यह भी कहना है कि TRO लागू होने से सभी पक्षों को समाधान निकालने के लिए समय मिल सकेगा। साथ ही इससे अमेरिकी सैन्य एजेंसियों को उन्नत एआई तकनीक तक पहुंच बनाए रखने में मदद मिलेगी, जबकि यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि एआई का उपयोग घरेलू स्तर पर व्यापक निगरानी या बिना मानवीय नियंत्रण के युद्ध शुरू करने जैसे उद्देश्यों के लिए न हो।

इस कानूनी लड़ाई में एंथ्रोपिक को तकनीकी समुदाय से भी समर्थन मिल रहा है। सोमवार को OpenAI और Google के 37 शोधकर्ताओं और इंजीनियरों के समूह ने भी कंपनी के समर्थन में एक अलग एमिकस ब्रीफ दाखिल किया था।

अब इस मामले में अंतिम फैसला अदालत को करना है कि माइक्रोसॉफ्ट द्वारा दायर ब्रीफ को आधिकारिक रूप से स्वीकार किया जाए या नहीं। आमतौर पर ऐसे मामलों में अदालत बाहरी पक्षों को अपनी राय रखने की अनुमति देती है, क्योंकि यह विवाद अमेरिकी रक्षा क्षेत्र और एआई उद्योग के भविष्य पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।

यह भी पढ़ें:

कैबिनेट ने बंगाल-झारखंड में 4474 करोड़ के दो मल्टीट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स मंजूर किए!

अमेरिकी प्रशासन से Claude AI को हटाने की तैयारी; एंथ्रोपिक ने पेंटागन पर दायर किया मुकदमा

एंथ्रोपिक पेंटागन की डील से बाहर, ओपनएआई ने की समझौते की घोषणा

अमेरिकी प्रशासन से Claude AI को हटाने की तैयारी; एंथ्रोपिक ने पेंटागन पर दायर किया मुकदमा

Exit mobile version